गुड़ फैक्ट्री पर प्रशासन का बड़ा छापा, 112 क्विंटल से ज्यादा गुड़ जब्त
कैमूर में गुड़ फैक्ट्री की खुली पोल
कैमूर। बिहार के कैमूर जिले में छठ महापर्व से पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मोहनिया के बेलौड़ी गांव में स्थित अरविंद ट्रेडर्स की गुड़ फैक्ट्री पर एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। जांच के दौरान फैक्ट्री में बिना आवश्यक लाइसेंस के गुड़ तैयार किए जाने और अस्वच्छ परिस्थितियों में उसका भंडारण करने का मामला सामने आया। इसके बाद प्रशासन ने करीब 11,250 किलोग्राम गुड़ जब्त कर लिया। साथ ही गुड़ के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने तक फैक्ट्री में उत्पादन बंद रखने का आदेश दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, प्रशासन को सूचना मिली थी कि बेलौड़ी गांव में संचालित गुड़ फैक्ट्री में निर्माण प्रक्रिया सही तरीके से नहीं अपनाई जा रही है। इसी सूचना के आधार पर एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी ने खाद्य निरीक्षक के साथ फैक्ट्री का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अधिकारियों ने गुड़ निर्माण और भंडारण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
बिना लाइसेंस चल रही थी गुड़ फैक्ट्री
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि अरविंद ट्रेडर्स की फैक्ट्री में गुड़ निर्माण के लिए आवश्यक लाइसेंस नहीं था। इसके अलावा तैयार गुड़ को अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा गया था। इन खामियों को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर कार्रवाई करते हुए लगभग 11,250 किलो गुड़ जब्त कर लिया। खाद्य विभाग की टीम ने गुड़ की गुणवत्ता की जांच के लिए नमूने भी एकत्र किए। इन नमूनों को परीक्षण के लिए भेजा गया है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि तैयार किया जा रहा गुड़ खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों के अनुरूप है या नहीं।
एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी ने दी कार्रवाई की जानकारी
एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी ने बताया कि प्रशासन को फैक्ट्री में गुड़ का निर्माण सही तरीके से नहीं किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसी आधार पर खाद्य निरीक्षक के साथ फैक्ट्री में नियमित जांच की गई। रीक्षण के दौरान सामने आई अनियमितताओं के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की। अधिकारियों ने गुड़ के नमूने परीक्षण के लिए भेजते हुए जांच रिपोर्ट मिलने तक फैक्ट्री का उत्पादन बंद रखने का निर्देश दिया।
जांच रिपोर्ट आने तक उत्पादन रहेगा बंद
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद फैक्ट्री में गुड़ निर्माण पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। जब्त गुड़ के नमूनों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही उसकी गुणवत्ता की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। छठ पर्व से पहले की गई इस कार्रवाई में प्रशासन का मुख्य ध्यान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्माण संबंधी नियमों के पालन पर रहा। फिलहाल गुड़ में मिलावट की पुष्टि नहीं हुई है और जांच रिपोर्ट आना बाकी है।