नई दिल्ली: दिल्ली के करोल बाग इलाके में एक बड़ा हादसा हो गया. यहां प्यारे लाल रोड पर ज्वेलर्स के पास एक पुरानी इमारत का हिस्सा अचानक ढह गया. यह दर्दनाक हादसा शुक्रवार दोपहर तकरीबन 12 बजे हुआ. दरअसल, इमारत में रिपेयरिंग और डेमोलिशन का काम चल रहा था. इस हादसे में तीन लोग मलबे के नीचे दब गए, जिनमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई. दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गई. राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया. दिल्ली फायर सर्विस के डिवीजनल ऑफिसर गोपाल मीना ने इस हादसे की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि उन्हें प्यारे लाल रोड पर एक हादसे की कॉल मिली थी. मौके पर पहुंचने पर पता चला कि स्थानीय लोगों और राहत टीम की मदद से दो-तीन घायलों को पहले ही मलबे से निकालकर जीवनमाला अस्पताल भेजा जा चुका है.
दमकल विभाग की टीम मौके पर मौजूद रहकर आगे की तलाश और बचाव अभियान चला रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि मलबे के नीचे और कोई न फंसा हो. अधिकारियों के मुताबिक, जिस इमारत में यह हादसा हुआ वह काफी पुरानी और जर्जर हालत में थी. इमारत की स्थिति पहले से ही खराब थी. वहां मरम्मत का काम चल रहा था, इसी दौरान यह हादसा हो गया. पुलिस और प्रशासन मामले की आगे की जांच कर रहे हैं ताकि हादसे के असल कारणों का पता लगाया जा सके.
Tags: