उज्जैन: कंठाल चौराहे के समीप पुराने कोतवाली थाना भवन के पास स्थित बागड़िया टावर में बुधवार शाम भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग टावर के नीचे स्थित एमपी मेडिकल एजेंसी में लगी थी, जिसका धुआं तेजी से ऊपरी मंजिलों तक फैल गया। देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग धुएं से भर गई और तीसरी से पांचवीं मंजिल तक 25 से अधिक लोग फंस गए।

इनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे। सूचना मिलने पर दमकल की सात गाड़ियां, एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। नगर निगम की क्रेन की मदद से पांचवीं मंजिल पर फंसे कैंसर पीड़ित मरीज को बाहर निकाला गया।

 इस रेस्क्यू आपरेशन में स्थानीय रहवासियों और पुलिसकर्मियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। धुएं के कारण दम घुटने से एक महिला की तबीयत बिगड़ गई, जिसे चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने की सूचना मिलते ही कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे।

शुरुआत में स्थानीय लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के साथ ही इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया।

बिल्डिंग में घना धुआं भरा होने के कारण रेस्क्यू में काफी परेशानी आई। अंदर फंसे लोगों और उन्हें निकालने में जुटे पुलिसकर्मियों को भी सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। इस कारण ऑक्सीजन सिलिंडर भी मंगवाए गए।

 बिल्डिंग की ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों को निकालने के लिए नगर निगम की क्रेन की मदद ली गई। क्रेन के जरिए दो रेस्क्यूकर्मी ऊपर पहुंचे और लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में जुट गए। टीआई कोतवाली दीनबंधु सिंह तोमर भी कैंसर पीड़ित मरीज और उनके परिवार को लेकर छत पर पहुंचे। इसके बाद क्रेन की मदद से उन्हें नीचे उतारा गया।

दमकल की लंबी सीढ़ी, क्रेन और बिल्डिंग के पिछले हिस्से से भी लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया। मौके पर मौजूद प्रह्लाद शर्मा ने बताया कि वे टावर की तीसरी मंजिल पर आयोजित गरुड़ पुराण के कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। आग लगने के बाद उन्होंने दमकल की लंबी सीढ़ी की मदद से नीचे उतरकर अपनी जान बचाई।  

Tags: