Jaipur जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में पुलिस ने नकली भारतीय मुद्रा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 लाख 30 हजार 500 रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं। बरामद सभी नोट 500 रुपये के नकली नोट हैं। जयपुर के स्पेशल कमिश्नर ओम प्रकाश ने बताया कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू है। इसके तहत पुलिस द्वारा लगातार नाकाबंदी, बैरिकेडिंग और गश्त की जा रही है। इसी दौरान पुलिस की क्राइम स्पेशल टीम (CST) को नकली नोटों की खेप जयपुर पहुंचने की सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर पुलिस ने सतर्कता बढ़ाते हुए विशेष नाकाबंदी की। जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियां मिलने पर कार्रवाई की गई और आरोपियों को पकड़ लिया गया। तलाशी में उनके पास से 500 रुपये के नकली नोट बरामद हुए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद नकली मुद्रा की कुल कीमत 4,30,500 रुपये है। सभी नोट 500 रुपये के डिनॉमिनेशन में हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह नकली नोट कहां से तैयार किए गए थे और इन्हें जयपुर में किस उद्देश्य से लाया जा रहा था।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से तीन हरियाणा के रोहतक जिले के रहने वाले बताए गए हैं। वहीं चौथा आरोपी साहिल चौधरी है, जो मूल रूप से फतेहपुर का निवासी है और वर्तमान में जयपुर में रह रहा था। लिस ने सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस गिरोह के तार किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं। स्पेशल कमिश्नर ओम प्रकाश ने बताया कि चुनावी माहौल को देखते हुए पुलिस अवैध गतिविधियों पर विशेष नजर रख रही है। नकली नोटों की तस्करी और इस्तेमाल को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नकली मुद्रा का इस्तेमाल आम जनता और अर्थव्यवस्था दोनों के लिए गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड, उनके संपर्कों और नकली नोटों के स्रोत की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि अब तक कितनी नकली मुद्रा बाजार में पहुंचाई जा चुकी है।