गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि जुलूस के साथ तैनात दो पुलिस कांस्टेबलों को निलंबित कर दिया गया है। हादसे में एक कांस्टेबल को भी हल्का करंट लगा है, जिसका उपचार जारी है।
हाईटेंशन तार से टकराया प्रतिमा का लोहे का ढांचा
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के अनुसार, बुधवार शाम करीब 4 बजे से 4:30 बजे के बीच दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस में यह हादसा हुआ। करीब छह फीट ऊंची प्रतिमा लोहे के ढांचे पर रखी गई थी। जुलूस के दौरान यह ढांचा ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली तार के संपर्क में आ गया। इससे करंट फैल गया और जुलूस में शामिल कई लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की मौत और आठ अन्य के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
दो पुलिस कांस्टेबल निलंबित
एसएसपी ने बताया कि प्रतिमा के साथ दो पुलिस कांस्टेबल मौजूद थे। घटना के बाद दोनों को निलंबित कर दिया गया है। इनमें से एक पुलिसकर्मी को हल्का बिजली का झटका लगा था और उसका इलाज कराया जा रहा है।
मृतकों के परिजनों की मांगें स्वीकार
हादसे के बाद नाराज परिजनों ने कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दी थी। एसएसपी के मुताबिक, प्रशासन ने मृतकों के परिवारों की सभी मांगें स्वीकार कर ली हैं। अधिकारियों ने बातचीत कर परिजनों को समझाया, जिसके बाद सड़क खाली करा ली गई। पुलिस ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है और मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Tags: