दुर्गा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, बांध में डूबे पांच दोस्त, दो की मौत
प्रतिमा विसर्जन के दौरान बांध में डूबे पांच युवक, तीन को बचाया
पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। बुधवार, 21 अक्टूबर को देवेंद्र नगर बांध में प्रतिमा विसर्जन के दौरान पांच युवक पानी में डूब गए। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, देवेंद्र नगर बांध में मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया जा रहा था। इसी दौरान पांच युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने युवकों को बचाने का प्रयास किया। हादसे में 18 वर्षीय आयुष अग्रवाल, पिता शेष अग्रवाल और 25 वर्षीय कृष्णा सोनी, पिता नारायण दास सोनी की मौत हो गई। वहीं, साहिल तिवारी, हरिओम द्विवेदी और करण सोनी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को पन्ना जिला अस्पताल रेफर किया गया।
मछुआरों ने पानी में कूदकर बचाने की कोशिश की
प्रत्यक्षदर्शी रामकिशोर रैकवार ने बताया कि वह भी प्रतिमा विसर्जन के लिए बांध पर पहुंचे थे। इसी दौरान युवकों के डूबने की सूचना मिली। उन्होंने तत्काल पानी में छलांग लगाई। वहां मौजूद दो अन्य मछुआरों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया। रामकिशोर के मुताबिक, दोनों युवकों को प्रतिमा के नीचे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
प्रत्यक्षदर्शी ने आरोप लगाया कि विसर्जन स्थल पर प्रशासन की ओर से गोताखोरों की व्यवस्था नहीं की गई थी। हालांकि, इस आरोप पर प्रशासन की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। दो युवकों की मौत से उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोग शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं।