दुर्गा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, 7 लोगों से भरी नाव नहर में पलटी, 4 लापता
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से की अपील
कोटा। राजस्थान के कोटा जिले में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा सामने आया है। कोटड़ी नहर में प्रतिमा विसर्जन के लिए गए श्रद्धालुओं से भरी एक नाव अचानक पलट गई। नाव में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें से तीन लोग तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि चार लोग लापता हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं और तलाश अभियान शुरू किया।
नाव में सवार थे सात लोग, चार की तलाश जारी
कोटा की पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि कनाल रोड पर कुछ लोग दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नाव नहर के बीच में पलट गई। उन्होंने बताया कि नाव में सवार सात लोगों में से तीन को तैरना आता था, इसलिए वे सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। हालांकि, अन्य चार लोगों को तैरना नहीं आता था और वे लापता हो गए।
SDRF और NDRF की टीमें चला रहीं रेस्क्यू अभियान
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं, लेकिन उनकी विस्तृत जानकारी की पुष्टि की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से की अपील
एसपी तेजस्वनी गौतम ने कहा कि प्रतिमा विसर्जन के लिए प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर नावों, गोताखोरों और बचाव टीमों की व्यवस्था रहती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरी नहर में हर जगह सुरक्षा इंतजाम करना संभव नहीं है। इसलिए श्रद्धालुओं से अपील की जाती है कि वे केवल प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थानों पर ही प्रतिमाओं का विसर्जन करें।