सोनू लाइमस्टोन रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा, छत गिरने से स्टेशन मास्टर घायल
देखे वीडियो
Rajasthan राजस्थान: जैसलमेर जिले के सोनू लाइमस्टोन रेलवे स्टेशन पर रविवार को बड़ा हादसा हो गया। स्टेशन मास्टर मनीष कुमार अपने कार्यालय में कार्य कर रहे थे, तभी अचानक छत का प्लास्टर भरभराकर उनके ऊपर गिर गया। इस हादसे में उनके पैर में चोट आई और खून बहने लगा। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय कर्मचारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्टेशन मास्टर को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। राहत की बात यह रही कि बड़ा मलबा उन पर नहीं गिरा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार्यालय में चारों तरफ मलबा फैला हुआ दिखाई दे रहा है और फर्नीचर भी क्षतिग्रस्त हुआ है। बताया जा रहा है कि यह भवन करीब पांच साल पहले ही बनाया गया था, ऐसे में इतनी जल्दी छत गिरने से निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर निर्माण एजेंसी पर लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। सोनू लाइमस्टोन रेलवे स्टेशन को एक महत्वपूर्ण माल लोडिंग पॉइंट माना जाता है, जहां से भारी मात्रा में चूना पत्थर की ढुलाई होती है और रेलवे को करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त होता है। हादसे के बाद रेलवे प्रशासन द्वारा मामले की जांच की बात कही जा रही है। कर्मचारियों ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर नाराजगी जताई है।