MP: पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे को लेकर गर्मा गई राजनीति, BJP नेता ने कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता पर साधा निशाना

मध्‍य प्रदेश में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे को लेकर राजनीति गर्मा गई है। इसे लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने हैं। इस मामले में मध्‍य प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया।

Update: 2021-08-23 15:17 GMT

जनता से रिश्ता वेबडेस्क :-   भोपाल। मध्‍य प्रदेश में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे को लेकर राजनीति गर्मा गई है। इसे लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने हैं। इस मामले में मध्‍य प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया। उसके बाद प्रदेश के भाजपा नेता दिग्विजय सिंह के खिलाफ हमलावर हो गए। ऐसे में एमपी के गृह मंत्री और भाजपा नेता डा. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि जो लोग पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगा रहे हैं, उन्हें लेकर दिग्विजय सिंह पाकिस्तान क्यों नहीं चले जाते? इसमें जो भी मदद की जरूरत होगी, मैं करूंगा। मालूम हो कि उज्जैन में गुरुवार रात को मोहर्रम के मौके पर गीता कालोनी में कुछ लोगों ने पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए थे।

सिर्फ तुष्टीकरण के लिए खड़े होते हैं पूर्व सीएम
उज्‍जैन के मामले को लेकर पिछले रविवार को पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर आरोप लगाया कि फेक न्यूज के आधार पर 'काजी साहब जिंदाबाद' को 'पाकिस्तान जिंदाबाद' बताकर कई लोगों पर मुकदमे दायर हो गए। पुलिस को कार्रवाई करने के पूर्व वास्तविकता का पता लगा लेना चाहिए था। इस पर डा. नरोत्तम मिश्रा ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पूर्व सीएम को सिर्फ तुष्टीकरण के लिए ऐसे लोगों के पक्ष में खड़ा होना है।
पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वालों के खिलाफ कानून अपना काम करेगा। जब भी ऐसी सांप्रदायिक घटना होगी, वहां दिग्विजय सिंह‍ ही सामने आते हैं। विश्व में कभी 'काजी साहब जिंदाबाद' का नारा नहीं सुना गया। ये सिर्फ दिग्विजय सिंह‍ को सुनाई देता है। वहीं इस बारे में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी ट्वीट कर कहा था कि प्रदेश सरकार तालिबानी मानसिकता बर्दाश्त नहीं करेगी।
दिग्विजय सिंह‍ पर दर्ज हो राजद्रोह का मामला
प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने दिग्विजय सिंह के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह पाकिस्तान परस्त हैं। उन पर राजद्रोह का मामला दर्ज होना चाहिए। वह हमेशा पाकिस्तान परस्ती की बात करते हैं। लोग कहने लगे हैं कि क्या दिग्विजय सिंह पाकिस्तान के स्लीपर सेल हैं?
चार आरोपितों के खिलाफ एनएसए के तहत की गई कार्रवाई
ज्ञात हो कि उज्‍जैन के इस मामले में पुलिस ने करीब 23 लोगों पर राजद्रोह का मुकदमा दर्ज किया है। वहीं उज्‍जैन के डीएम आशीष सिंह ने नारे लगाने वाले और भड़काऊ पोस्ट डालने वाले चार आरोपितों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कार्रवाई की है। उज्‍जैन के एसपी सत्येंद्र शुक्ला का कहना है कि इस मामले में पुलिस ने सभी बिंदुओं पर जांच के बाद ही कार्रवाई की है। पर्याप्त सुबूतों के बाद ही केस दर्ज किया गया है।


Tags:    

Similar News

-->