शिवराज सिंह के नेतृत्व में मध्य प्रदेश विकसित राज्य की तरफ बढ़ा है: मनोहर लाल
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में मध्य प्रदेश आज विकसित राज्य की दिशा में बढ़ा है। आज जनता हमारी सरकार पर भरोसा दिखा रही है और समाज का हर वर्ग सरकार की कार्यप्रणाली से संतुष्ट है। बता दें कि मनोहर सोमवार को मध्य प्रदेश के सुरखी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि बुंदेलखंड की यह धरती वीरों व दानियों की धरती है, जिन्होंने सदैव मुगलों और देशविरोधी ताकतों को परास्त किया है। आज यहां आना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में रोजगार पैदा हों, इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 50 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास किया है। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में गरीब कल्याण, वंचितों व जरूरतमंदों के आर्थिक उत्थान के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। इतना ही नहीं, राज्य सरकार केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को भी ज्यों का त्यों लागू कर जनता को लाभ प्रदान कर रही है। मनोहर लाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में कुछ वक्त के लिए सत्ता गलत हाथों में चली गई थी, जिसकी वजह से लोक कल्याण की बजाय सत्ता का दुरुपयोग शुरू हुआ। कांग्रेस की थोड़े समय की सरकार ने बंदर के हाथ में उस्तरे की कहावत को सही साबित कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में मध्य प्रदेश में न सड़क थी, न बिजली थी और न पानी था। लेकिन वर्तमान राज्य सरकार ने नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं देना सुनिश्चित किया है।