पन्ना: मध्य प्रदेश के पन्ना में एक पागल कुत्ते ने कहर बरपा दिया। पागल कुत्ते ने एक के बाद एक सात लोगों को काटकर घायल कर दिया। लोगों को काटने के बाद कुत्ता वहां से भाग निकला। इसके चलते इलाके में अफरा-तफरी मची रही।

बाइक से जा रहा था पुलिसकर्मी
बताया जाता है कि कुत्ते ने जिन लोगों को काटा है, उनमें एक पुलिसवाला भी शामिल है। पुलिस सूत्रों के अनुसार धरमपुर थाना क्षेत्र में सुबह खोरा चौकी प्रभारी श्रीलाल राजपूत मोटरसाइकिल से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर जा रहे थे। तभी रास्ते में पागल कुत्ते ने चलती मोटरसाइकिल में चौकी प्रभारी पर हमला कर घायल कर दिया।
पागल कुत्ते की तलाश
पागल कुत्ते के हमले में सात लोग जख्मी हुए हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। इन सभी लोगों को खोरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार उपरांत अजयगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद से पुलिस और ग्रामीणों द्वारा उक्त पागल कुत्ते की तलाश की जा रही है।


Tags: