लखनऊ की ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त, जाम में फंसे उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक

Update: 2023-05-27 12:56 GMT

लखनऊ: लखनऊ-कानपुर मार्ग पर शनिवार दोपहर लंबा जाम लग गया। इस जाम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक स्वयं फंस गये। लखनऊ के सरोजनी नगर क्षेत्र स्थित हाइवे पर लगे लंबे जाम के चलते उप मुख्यमंत्री के कई किलोमीटर पैदल चलने की बात सामने आ रही है। बताया तो यहां तक जा रहा है कि इस दौरान जाम में फंसी एंबुलेंस को निकालने के लिए उप मुख्यमंत्री ने खुद कमान हाथ में ली और एंबुलेंस को जाम से बाहर निकलवाया।

दरअसल, शनिवार दोपहर अचानक मौसम बिगड़ने से आसमान में कुछ देर के लिए अंधेरा छा गया। कुछ समय में ही आई तेज आंधी- पानी ने राजधानी में कई जगहों पर पेड़ों को नुकसान पहुंचाया है। पेड़ों के टूट कर गिरने से कई जगहों पर जाम की स्थिति बनी। लखनऊ पुलिस की माने तो कुछ इसी तरह की हालत लखनऊ - कानपुर मार्ग पर भी देखने को मिली। आंधी के चलते लखनऊ- कानपुर मार्ग पर एक पेड़ टूट कर गिर पड़ा। जिसको हटाने में पुलिस को करीब 20 मिनट का समय लग गया। जिसके चलते मार्ग पर लंबा जाम लग गया। इसी जाम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी फंस गये। बताया जा रहा है कि उप मुख्यमंत्री कानपुर नगर निगम के शपथ ग्रहण समारोह से वापस लौट रहे थे। जब वह जाम में फंस गये।

Tags:    

Similar News