LPU विवाद पर छात्रों का प्रदर्शन तेज, नेशनल हाईवे पर उतरे छात्र
हाईवे जाम कर छात्रों ने जताया विरोध, LPU मामले में बढ़ा विवाद
Jalandhar जालंधर: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से रेप की अफवाह को लेकर शुरू हुआ विवाद अब भी जारी है। शनिवार से प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने अब नेशनल हाईवे जाम कर दिया है। पुलिस-प्रशासन और यूनिवर्सिटी प्रबंधन की ओर से बातचीत के प्रयास किए गए, लेकिन प्रदर्शनकारी छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया गया है और अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR भी दर्ज की गई है। इसके बावजूद छात्रों का प्रदर्शन खत्म नहीं हुआ है। छात्रों ने हाईवे पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
पुलिस ने छात्र प्रतिनिधियों और LPU प्रबंधन के साथ बातचीत की। अधिकारियों की ओर से FIR की कॉपी और SIT जांच से जुड़ी जानकारी भी छात्र प्रतिनिधियों के साथ साझा की गई। हालांकि, इसके बाद भी प्रदर्शनकारी छात्रों ने आंदोलन जारी रखने का फैसला किया। प्रदर्शन में शामिल एक छात्र ने आरोप लगाया कि रात के समय कुछ बाहरी लोग यूनिवर्सिटी परिसर में पहुंचे और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। छात्र का कहना है कि शुरुआत में यूनिवर्सिटी के छात्र शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन बाद में बाहरी लोगों के शामिल होने से स्थिति बिगड़ी।
छात्रों का कहना है कि वे मामले में पारदर्शी जांच और स्पष्ट जानकारी चाहते हैं। उनका उद्देश्य केवल जवाबदेही तय करना और पूरे मामले की सच्चाई सामने लाना है। वहीं, LPU के छात्र विंग के डीन सौरभ लखनपाल ने कहा कि यूनिवर्सिटी हर तरह की जांच के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि छात्र प्रतिनिधियों को भी जांच प्रक्रिया में शामिल किया जा सकता है। उन्होंने CCTV फुटेज दिखाने और जांच में सहयोग करने की बात कही।
यूनिवर्सिटी की रजिस्ट्रार डॉ. मोनिका गुलाटी ने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर फैल रही खबरों को झूठा और निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व अफवाह फैलाकर शैक्षणिक माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। यूनिवर्सिटी ने लोगों से अपील की है कि वे बिना पुष्टि के किसी भी जानकारी पर भरोसा न करें। फिलहाल पुलिस प्रशासन की निगरानी में स्थिति बनी हुई है और छात्रों से बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश जारी है।