कोटा। राजस्थान के कोटा में दिवाली के अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बस्ती का दौरा किया और स्थानीय लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने समाज में समानता, सामूहिकता और खुशियां बांटने का संदेश दिया। साथ ही देशवासियों से स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने और छोटे कारीगरों तथा हस्तशिल्प से जुड़े लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की अपील की।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि त्योहार केवल खुशियां मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का माध्यम भी हैं। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को समान अवसर और सम्मान मिलना चाहिए। समाज में समानता के साथ सामूहिकता की भावना भी जरूरी है, ताकि हर व्यक्ति त्योहारों की खुशियों में शामिल हो सके।
ओम बिरला ने देशभर के नागरिकों से स्वदेशी उत्पाद खरीदने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने आसपास रहने वाले कारीगरों, छोटे शिल्पकारों और कुटीर उद्योगों में काम करने वालों द्वारा तैयार सामान खरीदना चाहिए। इससे उन्हें आर्थिक आत्मनिर्भरता मिलेगी और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
उन्होंने कहा कि भारत में प्राचीन समय से त्योहारों पर स्थानीय स्तर पर बने उत्पादों की खरीदारी करने की परंपरा रही है। होली, दिवाली और अन्य त्योहारों के दौरान गांवों और शहरों में छोटे कारीगरों द्वारा बनाए गए सामान खरीदे जाते थे। इससे इन परिवारों को पूरे वर्ष आर्थिक सहयोग मिलता था।
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से छोटे कारोबारियों और कारीगरों की आजीविका मजबूत हो सकती है। उन्होंने नागरिकों से त्योहारों के दौरान स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी कर स्थानीय अर्थव्यवस्था को सहयोग देने का आह्वान किया। बस्ती के दौरे के दौरान ओम बिरला ने सामाजिक समानता और आपसी सहयोग पर जोर देते हुए कहा कि त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी है, जब समाज के सभी लोग मिलकर उत्सव मनाएं।
Tags: