बरेली। कानून की पढ़ाई कर रहे एक छात्र की सरेआम हत्या कर दी गई। पुरानी रंजिश में उसे गोली मार दी गई। हमलावरों ने उसके वकील भाई पर भी जानलेवा हमला किया। वारदात के बाद से पूरे इलाके में तनाव है और वकीलों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने छात्र योगेश को निशाना बनाकर गोलियां दागीं, जिससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर योगेश के बड़े भाई वकील मनोज यादव पहुंचे तो उन पर भी हमला किया गया और लहूलुहान कर दिया। इसके बाद कर हमलावर फरार हो गए। दोनों भाइयों को अस्पताल ले जाया गया जहां योगेश की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि मनोज की हालत में सुधार है। घटना सोमवार की देर शाम फरीदपुर थाना क्षेत्र के नवादा बिलसंडी गांव में हुई।
नवादा-बिलसंडी निवासी ओमपाल सिंह किसान हैं। उनके चार बेटों में सबसे बड़े प्रमोद, उसके बाद एडवोकेट मनोज यादव, धीरेंद्र हैं। सबसे छोटा योगेश यादव (21) बरेली शहर के क्लासिक लॉ कॉलेज से एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था। सोमवार की शाम वह अपने एलएलबी 5th सेमेस्टर का पेपर देकर बाइक से घर लौट रहा था। उसके साथ उसके बड़े भाई धीरेंद्र भी थे। जैसे ही वह अपने गांव पहुंचा, घर से ठीक पास ही पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने योगेश पर फायर कर दिया। अचानक हुए हमले में उसके भाई धीरेंद्र गिर पड़े। उन्होंने शोर मचाया। आवाज सुनकर उसके दूसरे भाई एडवोकेट मनोज यादव पहुंचे। उन्होंने भाई योगेश को घायल देखा तो बदमाशों से भिड़ गए। हमलावराें ने उन्हें और धीरेंद्र को पीट दिया।
इसके बाद हमलावर अपनी-अपनी बाइक से भाग गए। योगेश और उसके भाई धीरेंद्र को अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने योगेश को मृत घोषित कर दिया। धीरेंद्र का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक योगेश के पेट में गोली लगने से खून ज्यादा बहा, इसी में उसकी जान चली गई।