गाजियाबाद: गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट में घुसकर दबंगों ने हंगामा मचा दिया. यह घटना उस समय हुई, जब रेस्टोरेंट में कई लोग भोजन कर रहे थे. दबंगों ने रेस्टोरेंट में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की. इस दौरान वहां मौजूद महिलाओं और बच्चों को दौड़कर अपनी जान बचाई. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो रेस्टोरेंट के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है.
जानकारी के अनुसार, यह घटना गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन की है. यहां घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले का जायजा लिया. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन तेज कर दी है.
इस घटना का जो वीडियो सामने आया है, उसमें देखा जा सकता है कि किस तरह दबंग रेस्टोरेंट के अंदर घुसकर तोड़फोड़ करने लगते हैं. उन्हें देख वहां मौजूद लोग दहशत में आ जाते हैं और बचने के लिए इधर-उधर भागने लगते हैं.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और लोगों को शांति बनाए रखने की अपील की है. इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई है और स्थानीय लोग पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. वहीं इस मामले में पुलिस ने घटना की गंभीरता को समझते हुए तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है.
Tags: