पंचकूला: पंचकूला में एक कंपनी बिल्डिंग की चौथी मंजिल से गिरकर 2 युवकों की मौत हो गई। दोनों क्रेन के सहारे वहां एक जनरेटर पहुंचा रहे थे। ऑपरेटर के कहने पर दोनों क्रेन के ग्रैब (पंजे) पर ही बैठ गए। जैसे ही जनरेटर चौथी मंजिल के पर पहुंचा, ग्रैब एक वायर से टकरा गया। इसके बाद क्रेन अनियंत्रत होकर पलट गई। जनरेटर के साथ दोनों युवक भी करीब 40 फीट ऊंचाई से सीधा सड़क पर गिरे।
इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें क्रेन एक रैंप पर खड़ी दिखाई दे रही है। वहीं, जनरेटर की चपेट में आने से एक बिजली का खंभा भी टूटकर नीचे गिर गया। मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है, मृतक मनीष और नवीन के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिए हैं। परिजनों के बयान पर कार्रवाई की जाएगी।
घटना गुरुवार देर शाम इंडस्ट्रियल फेस- 2 एरिया में हुई। अब इसका वीडियो सामने आया है। मिलीएम्स इंजीनियर सॉल्यूशंस कंपनी की चौथी मंजिल पर क्रेन से जनरेटर पहुंचाना था। इसके लिए क्रेन मालिक ने ऑपरेटर के साथ नवीन और मनीष को भेज दिया। ये दोनों क्रेन मालिक के पास ही काम करते थे।
जनरेटर को ऊपर पहुंचाने के लिए उसे क्रेन के ग्रैब में बांधा गया था। जनरेटर का वजन करीब 1500 किलो था, वहीं क्रेन की क्षमता तीन हजार किलो से भी अधिक बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि क्रेन रैंप पर खड़ी थी।
जैसे ही जरनेटर चौथी मंजिल पर पहुंचा, क्रेन एक वायर से टकराकर पलट गई। उसके ग्रैब में बैठे नवीन और मनीष जनरेटर सहित नीचे गिर गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। जनरेटर भी नीचे गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया।