लिव-इन पार्टनर: मां के लिव-इन रिश्ते ने लिया नया मोड़, पापा संग बेटी हुई फरार
जिसे ‘पापा’ कहती थी, उसी के साथ घर छोड़कर चली गई युवती
Gorakhpur गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के Gorakhpur जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हरपुरबुदहट थाना क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा एक व्यक्ति अपनी 19 वर्षीय सौतेली बेटी को लेकर फरार हो गया। घटना के बाद युवती की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
महिला के अनुसार वह पिछले चार वर्षों से आरोपी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। महिला की पहली शादी से दो बच्चे हैं और उसका पहला पति दिल्ली में रहता है। इसी दौरान उसकी मुलाकात आरोपी से हुई थी, जो पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे भी हैं।
महिला ने बताया कि आरोपी उसकी बेटियों की देखभाल करता था और परिवार का हिस्सा बन चुका था। उसकी 19 वर्षीय बेटी आरोपी को “पापा” कहकर बुलाती थी। आरोप है कि 15 मई की रात आरोपी युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। अगले दिन काफी तलाश के बावजूद दोनों का कोई पता नहीं चल सका।
पीड़िता की मां ने आशंका जताई है कि उसकी बेटी के साथ कोई अनहोनी हो सकती है। उसने पुलिस से बेटी को सुरक्षित बरामद करने की गुहार लगाई है। युवती फिलहाल ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रही है। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी गीडा ने बताया कि आरोपी और युवती की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही दोनों का पता लगा लिया जाएगा।