हरियाणा में INLD की रैली पर नेताओं की नजर, अभय चौटाला का दावा आएंगे 80% विपक्षी नेता
कैथल। हरियाणा में लोकसभा चुनाव से ठीक छह महीने पहले और विधानसभा चुनाव से करीब एक साल पहले ताऊ देवीलाल की 110वीं जयंती पर कैथल में होने जा रही रैली कई मायनों में महत्वपूर्ण होगी। यदि सब कुछ संभावनाओं के अनरूप हुआ तो रैली प्रदेश की राजनीति को नई दिशा दे सकती है। इस रैली से इनेलो की भी दशा बदल सकती है। बता दें कि इस रैली को लेकर इनेलो (INLD) के नेता अभय चौटाला ने भी बड़े दावे किए हैं। उन्होंने कहा है कि इस रैली में देश के 80% विपक्षी नेता शामिल होंगे। इस रैली में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं इनेलो की ओर से कांग्रेस और आप पार्टी को भी न्योता भेजा गया है। अभय खुद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मिलकर रैली का आमंत्रण देने के लिए दिल्ली पहुंचे थे। वर्षों से एक-दूसरे के खिलाफ राजनीति कर रही कांग्रेस और INLD अब एक मंच पर हो सकती हैं। इस संभावना को INLD के राष्ट्रीय महासचिव अभय चौटाला और कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बीच हुई मुलाकात से बल मिला है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अभय चौटाला के निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है और सम्मान दिवस समारोह आयोजित करने के लिए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। रैली में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसका फैसला पार्टी स्तर पर लिया जाएगा। 25 सितंबर को इंडियन नेशनल लोकदल की कैथल रैली में बिहार के सीएम नीतीश कुमार समेत विपक्षी गठबंधन 'भारत' के कई बड़े चेहरे शामिल होंगे। नीतीश कुमार इनेलो को I.N.D.I.A गठबंधन में शामिल करना चाहते हैं। गठबंधन में वर्तमान में 28 पार्टियां हैं और INLD के जुड़ने से 29 पार्टियां बढ़ जाएंगी। अभय चौटाला का कहना है कि 'हमारा लक्ष्य भाजपा को बाहर करना है और जो भी पार्टी हमारे साथ आएगी उसका सम्मान किया जाएगा। इसमें सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या 87 साल के बुजुर्ग पूर्व CM ओमप्रकाश चौटाला 37 साल पहले उनके पिता पूर्व डिप्टी PM चौधरी देवीलाल द्वारा समस्त विपक्ष को एक मंच पर लाने के रचे इतिहास को दोहरा पाएंगे। इस इतिहास को दोहराने के प्रयास भी शुरू हो गए हैं। अभय सिंह चौटाला ने खुद इस रैली के जरिए I.N.D.I.A गठबंधन के सभी दलों के बड़े चेहरों को निमंत्रण दिया है।