Ajmer. अजमेर। पुलिस की मौजूदगी में वकीलों ने अजमेर के सिटी स्कवायर, मिराज मॉल व अन्य बाजारों में तोड़फोड़ की। बंद के दौरान मुट्ठीभर पुलिसकर्मी वकीलों को रोकने में नाकाम रहे। वहीं, दोपहर करीब 12 बजे अजमेर कोर्ट के पास बड़ी संख्या में वकील एकत्र हुए और जयपुर-अजमेर मार्ग पर जाम लगा दिया। जयपुर से अजमेर जाने वाली और अजमेर से जयपुर आने वाली रोडवेज बसों को श्रीनगर रोड से डायवर्ट किया गया है, जिससे बसों को करीब 7 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ रहा है। अजमेर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक रावत ने कहा- राजस्थान की गूंगी-बहरी सरकार सोई हुई है, जिसके चलते वकीलों को आज सड़कों पर संघर्ष करना पड़ा। अगर सरकार का यही रवैया रहा तो राजस्थान बंद रहेगा। हम हाईवे व रेलवे ट्रैक जाम करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
बंद के दौरान अजमेर रेलवे स्टेशन के सामने होटल व दुकानें खुली देख वकील भड़क गए। उन्होंने दुकानों के बार पर लाठियां बरसाईं। दुकानों का सामान भी फेंक दिया। इस दौरान कुछ वकील अपने नाराज साथियों को शांत कराते भी नजर आए। उधर, पुष्कर और नसीराबाद में भी बाजार पूरी तरह बंद रहे। पुष्कर में वरिष्ठ अधिवक्ता पुरुषोत्तम जाखेटिया की हत्या के विरोध में आज (शनिवार) अजमेर, पुष्कर, नसीराबाद और ब्यावर बंद हैं। सिर्फ मेडिकल स्टोर, स्कूल और पेट्रोल पंप को छूट रहेगी। बिजयनगर गैंगरेप-ब्लैकमेल मामले के विरोध में एक मार्च को भी अजमेर शहर बंद रहा था। एक सप्ताह में यह दूसरा मौका है जब बंद का ऐलान किया गया है। अजमेर में पुष्कर रोड और सिने वर्ल्ड स्थित शराब की दुकानों पर भी वकीलों ने हंगामा किया। दुकान संचालक और मौके पर शराब पी रहे युवक से मारपीट की गई। रामगंज चौराहे (अजमेर) से गुजर रहे एक टेंपो को रुकवाकर सवारियों को नीचे उतारा गया। वकील ब्यावर रोड स्थित सब्जी मंडी पहुंचे। यहां भी दुकानें खुली रहीं। गुस्साए वकीलों ने बाजार बंद करा दिया। एक वकील के हाथ में डंडा था। इसे लेकर पुलिसकर्मियों से कहासुनी हो गई। इससे प्रदर्शनकारी भड़क गए और पुलिस से झड़प हो गई।