कानून मंत्रालय: न्याय विभाग ने पांच हाई कोर्ट में 9 और जजों को किया नियुक्त 

बुधवार को नौ न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं को हाई कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया।

Update: 2021-10-06 17:25 GMT

बुधवार को नौ न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं को हाई कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया। ये सभी जजों के रूप में नियुक्ति के लिए पिछले महीने सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम द्वारा अनुशंसित कई नामों का हिस्सा हैं।

इस साल 8 अगस्त से 1 सितंबर के बीच शीर्ष अदालत के कॉलेजियम ने विभिन्न हाई कोर्ट द्वारा अनुशंसित 100 से अधिक नामों को आगे बढ़ाया था और अंत में 12 हाई कोर्ट में न्यायाधीशों के रूप में नियुक्ति के लिए सरकार को 68 नाम भेजे थे। बाद में और नाम सरकार को भेजे गए।
कानून मंत्रालय में न्याय विभाग ने पांच हाई कोर्ट में सात न्यायिक अधिकारियों और दो अधिवक्ताओं की नई नियुक्तियों की एक सूची ट्वीट की। झारखंड हाई कोर्ट में चार और पटना हाई कोर्ट में दो न्यायाधीश नियुक्त किए गए। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और केरल के हाई कोर्ट में एक-एक न्यायाधीश नियुक्त किए गए हैं।
मध्यप्रदेश के महाधिवक्ता पुरुषेंद्र कुमार कौरव को राज्य हाई कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति की घोषणा की अधिसूचना बाद में कानून मंत्रालय द्वारा जारी की गई थी। उच्च न्यायपालिका में नियुक्ति की प्रक्रिया के जानकार सूत्रों ने कहा कि आने वाले हफ्तों में और नियुक्तियां होंगी।
Tags:    

Similar News