मकान मालिक गिरफ्तार, सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसा मामले में बड़ा अपडेट
देखें वीडियो.
नई दिल्ली: ईस्ट दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में 6 सितंबर को जो इमारत गिरी थी, पुलिस ने उसके मालिक हरिराम गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उसे राजस्थान के भिवाड़ी से पकड़ा है और दिल्ली ला रही है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है.
दिल्ली पुलिस सत्य निकेतन में इमारत ढहने के बाद से ही हरिराम गुप्ता को ढूंढ रही थी. लेकिन हरिराम पुलिस से छिपता फिर रहा था. हादसे के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस की टीम ने उसके पालम विहार स्थित आवास पर दबिश दी थी, लेकिन वो वहां नहीं मिला.
पुलिस को शक था कि गिरफ्तारी से बचने के लिए हरिराम किसी सुरक्षित ठिकाने पर छिपा हुआ है. इसीलिए पुलिस ने उसके कई करीबियों और सहयोगियों के ठिकानों पर भी छापेमारी की. दिल्ली पुलिस हरियाणा ने उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में ताबड़तोड़ छापेमारी की और आखिरकार उसे भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया गया.
बता दें कि 6 सितंबर को ईस्ट दिल्ली के सत्य निकेतन में एक बहुमंजिला इमारत भरभराकर गिर गई थी. इस बिल्डिंग में पीजी चल रही थी जिसमें कई छात्र रहते थे. इस हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग घायल हैं. इसके अलावा मौके पर अब भी रेस्क्यू जारी है और मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिश की जा रही है.
इस हादसे पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 5 अफसरों को सस्पेंड कर दिया है. इनमें MCD में साउथ जोन के डिप्टी कमिश्नर राकेश कुमार, साउथ जोन के SE रणवीर सिंह, साउथ जोन के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (बिल्डिंग) ललित कुमार, साउथ जोन के अस्सिटेंट इंजीनियर (बिल्डिंग), सुनील चौहान साउथ जोन के जूनियर इंजीनियर (बिल्डिंग) और आशीष कुमार शामिल हैं.