खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह का सहयोगी गिरफ्तार
जानिए क्या है पूरा मामला
नई दिल्ली। पंजाब पुलिस को अमृतपाल सिंह केस में बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने ‘वारिस पंजाब दे’ प्रमुख अमृतपाल सिंह के मुख्य सहयोगी जोगा सिंह को सरहिंद से गिरफ्तार किया है। DIG बॉर्डर रेंज, नरिंदर सिंह ने बताया- शनिवार को अमृतपाल सिंह के साथी जोगी सिंह को सरहिंद से गिरफ्तार किया गया। यह वही आदमी है जिसने अमृतपाल को 18 मार्च की फरारी के बाद पीलीभीत में पनाह दी और उसका साथ देता रहा। जोगी सिंह को होशियारपुर की कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पंजाब पुलिस ने जोगा सिंह की एक पुरानी तस्वीर जारी की है। जिसमें अमृतपाल सिंह के साथ जोगा सिंह भी दिखाई दे रहा है। 18 मार्च से फरार चल रहा भगोड़ा अमृतपाल सिंह पुलिस के हत्थे नहीं आ रहा है। उसकी लोकेशन को लेकर नए-नए अपडेट पुलिस को लगातार मिल रहे हैं, लेकिन अमृतपाल सिंह नहीं मिल रहा। पंजाब पुलिस के हाथ बार-बार खाली रह जाते हैं। अमृतपाल सिंह के फरार होने के 23 दिन बाद पुलिस ने उसके दाहिना हाथ माने जाने वाले पप्पलप्रीत को गिरफ्तार किया था। जिसके बाद माना जा रहा था कि अमृतपाल भी पुलिस के शिकंजे में जल्द आ जाएगा।पप्पलप्रीत साये की तरह अमृतपाल के साथ रहता था। माना जाता है कि अमृतपाल सिंह को भगोड़ा घोषित किए जाने के बाद सब प्लानिंग करने में पप्पलप्रीत का बड़ा हाथ रहा। पंजाब पुलिस ने अमृतपाल के करीबी पप्पलप्रीत को अमृतसर से गिरफ्तार किया था।