धारवाड़। कर्नाटक विधान परिषद चुनाव की मतगणना के बीच पश्चिम स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार एसवी संकनूर ने बढ़त बनाए रखी है। मंगलवार को तीसरे दौर की मतगणना के बाद संकनूर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार मोहन लिंबिकाई से 5,109 वोटों से आगे बताए गए हैं। इस रुझान के सामने आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
तीसरे राउंड में मिले 6,301 वोट
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीसरे दौर की मतगणना में भाजपा उम्मीदवार एसवी संकनूर को 6,301 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार को 4,748 वोट प्राप्त हुए। इस तरह तीसरे दौर में भाजपा प्रत्याशी ने 1,553 वोटों की बढ़त हासिल की। लगातार बढ़त बनाए रखने के बाद संकनूर मतगणना केंद्र पहुंचे और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
14 उम्मीदवार चुनाव मैदान में
पश्चिम स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 14 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस सीट पर भाजपा के मौजूदा विधान परिषद सदस्य एसवी संकनूर और कांग्रेस के मोहन लिंबिकाई के बीच प्रमुख मुकाबला है। यह निर्वाचन क्षेत्र धारवाड़, हावेरी, गडग और उत्तर कन्नड़ जिलों में फैला है। यहां 23 अक्टूबर को हुए मतदान में करीब 75.6 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।
Tags: