Lucknow लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच NDA में सीट बंटवारे को लेकर योगी सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि गठबंधन में किस पार्टी को कितनी सीटें मिलेंगी, इसका फैसला भाजपा नेतृत्व और सहयोगी दलों के बीच आपसी समन्वय से किया जाएगा। लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि अभी NDA में सीटों के बंटवारे को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि जयंत चौधरी, ओम प्रकाश राजभर या किसी अन्य सहयोगी दल को कितनी सीटें दी जाएंगी, यह पार्टी स्तर पर चर्चा और आपसी सहमति के बाद तय होगा।
मंत्री ने कहा कि अभी सीट शेयरिंग को लेकर कोई औपचारिक बातचीत या घोषणा नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि चुनावी गठबंधन और सीटों का निर्धारण समय आने पर किया जाएगा। कपिल देव अग्रवाल ने इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को NDA की चिंता करने के बजाय अपनी पार्टी को संभालने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के सांसदों और विधायकों के टूटने की चर्चाएं लगातार सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को पहले अपने संगठन और नेताओं को एकजुट रखने का काम करना चाहिए। मंत्री ने कहा कि NDA किसके साथ चुनाव लड़ेगा, कितनी सीटों पर कौन उम्मीदवार उतारेगा और गठबंधन का स्वरूप क्या होगा, यह सब भविष्य की बात है। कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि भाजपा को फिलहाल किसी तरह की चिंता नहीं है। उन्होंने अखिलेश यादव की ओर से NDA को लेकर दिए जाने वाले बयानों को निराधार बताते हुए कहा कि इन बातों का कोई विशेष महत्व नहीं है।
उत्तर प्रदेश में चुनावी समीकरणों को देखते हुए NDA और विपक्षी गठबंधनों की रणनीति पर सभी दलों की नजर है। भाजपा जहां अपने सहयोगी दलों के साथ तालमेल मजबूत करने में जुटी है, वहीं विपक्षी दल भी चुनावी तैयारियों में लगे हुए हैं। आने वाले समय में NDA के सहयोगी दलों और सीट बंटवारे को लेकर होने वाली बैठकों से प्रदेश की चुनावी तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।
Tags: