कलयुगी बेटी ने पिता का आरी से काटा गला, परिजन सदमें में

Update: 2024-05-21 14:33 GMT
कन्नौज। कन्नौज में 12वीं की नाबालिग छात्रा ने आरी से पिता का गला रेत दिया। 17 साल की लड़की ने सोते वक्त वारदात की। उसके पिता VDO के पद पर कार्यरत थे। छात्रा ने अपने भाई पर भी हमला किया, लेकिन वह बच गया। घटना छिबरामऊ के करमुल्लापुर गांव की है। पुलिस के मुताबिक, 48 साल के अजय पाल राजपूत सौरिख ब्लॉक में तैनात थे। रात को वह घर में सो रहे थे, तभी उनकी हत्या की गई। पिता की हत्या के बाद बेटी हथौड़ा लेकर भाई सिद्धार्थ के कमरे में पहुंची, लेकिन उसकी आंख खुल गई। बहन के वार से बचने के बाद भाई उठकर दूसरे कमरे में भागा। पिता की लाश देखकर वह चिल्लाने लगा। इसके बाद परिजनों ने दौड़ाकर बेटी को पकड़ लिया। हत्या क्यों की गई? पुलिस इसका पता कर रही है। पुलिस ने लड़की को हिरासत में लिया है।
गांव के लोगों के मुताबिक, लड़की का एक लड़के से अफेयर चल रहा था। माना जा रहा है कि पिता और भाई को इसके बारे में पता चल गया था। शायद यही वजह रही होगी कि लड़की ने पिता और भाई को रास्ते से हटाने की सोची। पुलिस आरोपी लड़की से पूछताछ कर रही है। साथ ही इस मामले में एक लड़के को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। अजय पाल के 19 साल के बेटे सिद्धार्थ ने बताया- रात 8 बजे के आसपास मैंने पापा और बहन के साथ में खाना खाया। उस समय तक सब कुछ ठीक ठाक था। बहन के चेहरे पर कोई ऐसा भाव नहीं था कि रात को वो कुछ ऐसा करने वाली है। खाने के बाद मैं अपने कमरे में सोने चला गया और बहन बाहर वाले रूम में सोने चली गई। पापा गैलरी के पास वाले कमरे में चले गए। रात करीब 2 बजे अचानक बहन मेरे कमरे में आई।
सिद्धार्थ ने बताया कि बहन के हाथ में हथौड़ा था। उसके आने की आहट से मेरी आंख खुल गई। मैंने जैसे ही करवट ली तो उसने मुझ पर हथौड़ा मारा, लेकिन मैंने किनारे हटा और तुरंत बहन को धक्का मारकर गिरा दिया। इसके बाद उसे पकड़ लिया। हाथ दबाकर हथौड़ा छीना और घसीटकर पापा के कमरे में ले गया। वहां देखा कि पापा का गला कटा पड़ा है, जिसे देखकर मेरी चीख निकल गई। आवाज सुनकर बाकी परिवार वाले भी आ गए। पुलिस को तुरंत घटना की सूचना दी। पुलिस ने गांव वालों की निशानदेही पर जिस लड़के को हिरासत में लिया है, वो और लड़की प्राइवेट कॉलेज में एक ही क्लास में पढ़ते हैं। लड़के ने पुलिस को बताया कि मेरी लड़की से बातचीत तो होती थी, लेकिन अफेयर जैसा कुछ नहीं है। मुझे ऐसा नहीं लगता था कि वो ऐसा कर सकती थी। मृतक अजयपाल राजपूत के परिवार में कुल पांच लोग थे। पत्नी मोनी राजपूत के अलावा दो लड़के, जिसमें सिद्धार्थ बड़ा और अमन छोटा बेटा है। इसके अलावा बेटी है, जिसने पिता की हत्या कर दी। छिबरामऊ सीओ डॉ. प्रियंका बाजपेयी ने बताया- शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। मृतक की बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जोकि इंटर की छात्रा है। उसने पिता की हत्या क्यों की, इसकी जानकारी के लिए जांच-पड़ताल जारी है।
Tags:    

Similar News