कबड्डी खिलाड़ी की हत्या, अपहरण के बाद उतारा गया मौत के घाट

ब्रेकिंग

Update: 2026-06-01 01:27 GMT

यूपी में अब नेशनल कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का की हत्या कर दी गई है। फास्टफूड की दुकान चलाने वाले एक युवक ने अपहरण के बाद हत्या कर दी। अनुष्का का 15 अप्रैल को अपहरण किया गया था। उसी रात ईंट से सिर कूचकर हत्या कर दी गई। इसके बाद लाश को रोहटा रोड स्थित नाले में फेंक दिया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद रविवार रात हत्या का खुलासा हुआ। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने अनुष्का का कंकाल नुमा शव रोहटा रोड के नाले से बरामद कर लिया है। इससे पहले गाजियाबाद में पैरा एथलीट गौरव त्यागी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने एक हत्यारे को शनिवार को एनकाउंटर में मार गिराया था। मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र के चिरौड़ी गांव निवासी अनुष्का पुत्री नेमपाल कबड्डी की नेशनल खिलाड़ी थी और फिलहाल कंकरखेड़ा के शोभापुरा में किराए पर रह रही थी। अनुष्का कंकरखेड़ा में ही कृष्णा पब्लिक स्कूल में 12वीं कक्षा की छात्रा थी। वह 15 अप्रैल की रात को लापता हो गई थी। 16 अप्रैल को कंकरखेड़ा थाने में अनुष्का के पिता नेमपाल ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

डेढ़ महीने तक अनुष्का का पता न चलने पर दो दिन पहले अनुष्का के परिजनों ने एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर से इस मामले में शिकायत की थी। एडीजी की फटकार के बाद पुलिस एक्टिव हुई और छानबीन दोबारा शुरू की और श्याम धानक निवासी चंडीगढ़ (मूल निवासी देहरादून, उत्तराखंड) को गिरफ्तार किया। आरोपी रोहटा रोड पर ही फ्रेश बाइट नाम से फास्ट फूड कॉर्नर चलाता था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि अनुष्का फास्ट फूड कॉर्नर पर अक्सर अपनी सहेली के साथ फास्ट फूड खाने के लिए आती थी। अनुष्का पर श्याम के करीब 3600 रुपये बकाया थे। 15 अप्रैल की रात को भी करीब 10:00 बजे अनुष्का श्याम के फास्ट फूड कॉर्नर पर पहुंची थी। इस दौरान श्याम ने अपने पैसे मांगे। अनुष्का ने इस दौरान मजाक में कह दिया कि वह छेड़छाड़ का केस दर्ज करा देगी।

इसी बात की खुन्नस में श्याम धानक ने अनुष्का का अपहरण किया उसे जबरन शराब पिलाई। इसके बाद उसे रोहटा रोड पर ले जाकर सिर पर ईंट से कई वार कर हत्या कर दी। इसके बाद उसने अनुष्का की लाश को नाले में धकेल दिया। हत्या करने के बाद आरोपी चंडीगढ़ फरार हो गया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने रविवार देर रात कंकाल नुमा शव नाले से बरामद कर लिया। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Tags:    

Similar News