जेपी नड्डा की बैठक खत्म, 6 राज्यों की कोर टीम थी मौजूद
जल्द होगा लोकसभा की सीटों का ऐलान
नई दिल्ली। राजनीतिक गलियारों से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी की पहली लिस्ट का जल्द से जल्द ऐलान हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, होम मिनिस्टर अमित शाह समेत कुछ बड़े बीजेपी नेताओं का नाम पहली लिस्ट में होगा। सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी एक बार फिर वाराणसी से चुनाव मैदान में होंगे, वहीं अमित शाह गांधीनगर से चुनाव लड़ेंगे। हालांकि पहली लिस्ट में ज्यादातर उन सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों का ऐलान होगा, जहां पिछली बार बीजेपी चुनाव हारी थी।
आज बीजेपी हेडक्वाटर में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह और 6 राज्यों के बीजेपी नेताओं की मीटिंग हुई। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी मीटिंग में शामिल होने आए थे। यूपी के अलावा बंगाल और तेलंगाना पर भी बात हुई। आज ही पीएम मोदी ने कहा था कि बीजेपी मक्खन पर नहीं बल्कि पत्थर पर लकीर खींचने में यकीन करती है। बता दें कि आज बीजेपी हेडऑफिस में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह की बैठक हुई थी। यहां 6 राज्यों की कोर टीम भी मौजूद थीं। इस दौरान यूपी, तेलंगाना, बंगाल जैसे राज्यों की कोर टीम के साथ चर्चा हुई और हारी हुईं सीटों पर उम्मीदवारों के पैनल पर चर्चा हुई। हर राज्य अपना अपना पैनल देगा।
लोकसभा चुनाव में बीजेपी को तीसरी बार NDA सरकार बनने का पूरा भरोसा है. इसी कड़ी में बीजेपी में चुनावी तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है. आज दिल्ली में पार्टी के चुनाव प्रभारियों की अहम बैठक हो रही है. जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 400 प्लस सीट के टारगेट को हासिल करने की रणनीति पर मंथन हो रहा है. इस बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और अमित शाह मौजूद हैं. बैठक में राज्यों के चुनाव प्रभारी और सह प्रभारी भी शामिल हैं. बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बीजेपी की इस टीम को जीत का मंत्र दे रहे हैं.
इस बीच सूत्रों के हवाले से खबर आ रही है कि बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राज्य प्रभारियों और सह प्रभारियों से हरेक लोकसभा सीटों के लिए तीन उम्मीदवारों का पैनल तैयार करने को कहा और यदि कोई नहीं है तो किसे बनाया जा सकता है. प्रभारियों को एक सप्ताह के भीतर उम्मीदवारों का पैनल देना होगा. नड्डा ने उनसे अपने-अपने राज्यों में जाकर समन्वय शुरू करने को भी कहा है. प्रभारियों से बीजेपी के शीर्ष नेताओं की रैलियों और कार्यक्रमों की योजना तैयार करने को कहा है.
इस बार बीजेपी ने नई रणनीति के तहत कमजोर सीटों के लिए अलग से रणनीति बनाई है, तो पिछले चुनाव में कम मार्जिन से हारी गई सीटों पर भी फोकस किया गया है. इसके अलावा दक्षिण भारत में भी बीजेपी की सीटों को बढ़ाने का सॉलिड प्लान तैयार किया गया है. NDA के घटक दलों के साथ बीजेपी के चुनावी अभियान को धार देने के लिए खास मुद्दे चुने गए हैं. लाभार्थी वर्ग को भी पार्टी से जोड़ने की योजना तैयार है. खुद पीएम मोदी ने बीजेपी के लिए 370-प्लस और एनडीए के लिए 400 पार सीट जीतने का टारगेट सेट किया है. आगामी लोकसभा चुनावों में अधिकतम सीटें जीतने के लिए बीजेपी ने ज्ञान पर फोकस किया है. ज्ञान का मतलब गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी से है.