Delhi दिल्ली: आईपीएल 2026 के मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के बल्लेबाज मिचेल मार्श ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए शानदार शतक जड़ दिया। बारिश से प्रभावित मैच दोबारा शुरू होने के बाद मार्श ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और सिर्फ 14 ओवर में टीम का स्कोर 145 रन तक पहुंचा दिया।
रोमारियो शेफर्ड के 14वें ओवर में मार्श ने अपना शतक पूरा किया। ओवर की चौथी गेंद पर उन्होंने पॉइंट के ऊपर से शानदार चौका लगाकर सेंचुरी पूरी की। शतक पूरा होते ही मार्श ने हेलमेट उतारकर बल्ला उठाया और दर्शकों का अभिवादन किया। उनकी पारी में दमदार स्ट्रोक और लगातार बड़े शॉट देखने को मिले।
इसके बाद भी मार्श नहीं रुके और अगले ही गेंद पर सीधा चौका जड़ दिया। फिर ओवर की आखिरी गेंद पर लंबा छक्का लगाकर RCB पर दबाव और बढ़ा दिया। मार्श की बल्लेबाजी के सामने बेंगलुरु के गेंदबाज पूरी तरह बेअसर नजर आए।
इससे पहले पावरप्ले में भी लखनऊ ने तेज शुरुआत की थी। बारिश के कारण कुछ समय खेल रुका जरूर, लेकिन मैच शुरू होते ही LSG बल्लेबाजों ने रनगति बनाए रखी। टीम का रनरेट 10 से ऊपर बना हुआ है, जिससे बड़े स्कोर की संभावना मजबूत हो गई है। RCB के लिए विकेट निकालना मुश्किल साबित हो रहा है। हालांकि अर्शिन कुलकर्णी का विकेट क्रुणाल पांड्या ने जरूर लिया, लेकिन मार्श ने एक छोर संभालते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।