रीवा. रीवा में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने को लेकर यातायात पुलिस को इंटरसेप्टर वाहन की सौगात दी गई है जिससे अब 800 मीटर की दूरी से वाहनों की ओवर स्पीड मापी जा सकेगी तथा 300 मीटर की दूरी से यातायात पुलिस का यह वाहन नंबर प्लेट देख सकेगा. वाहन में स्पीड राडार साउंड मीटर सहित अन्य कई तकनीकी सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं जिससे यातायात की बहाली में किसी भी प्रकार की कठिनाई ना आए. शहर के चौक चौराहों में लग रहे घंटों जाम तथा ओवर स्पीडिंग की वजह से हो रही दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए अब मध्य प्रदेश सरकार ने यातायात पुलिस को नई इंटरसेप्टर वाहन उपलब्ध कराई है जिससे वाहनों की तेज गति को मापते हुए उसे कम कराया जा सके तथा अपराधियों को पकड़ने में भी पुलिस विभाग को आसानी हो. इसके तहत इस इंटरसेप्टर वाहन में साउंड मीटर स्पीड राडार सहित अन्य कई तकनीकी व्यवस्थाएं बनाई गई है.

बताया जा रहा है कि वाहन में लगे कैमरों की सहायता से यातायात पुलिस 300 मीटर की दूरी से वाहनों की नंबर प्लेट में लिखे नंबर आसानी से पढ़ सकेगी. 800 मीटर की दूरी से ओवर स्पीडिंग करने वाले वाहनों को भी मापा जा सकता है जिससे बाद में उनकी गति पर सुधार करने का काम आसानी से हो सकेगा. इसके अलावा इस वाहन की तकनीकी सुविधाओं के चलते रात में भी सुगमता के साथ यातायात पुलिस को कार्रवाई में आसानी होगी.
पुलिस की मानें तो सड़क दुर्घटनाओं की मुख्य वजह वाहनों की ओवरस्पीडिंग होती है जिसके कारण गति को रोकने यातायात पुलिस का यह इंटरसेप्टर वाहन काम आएगा. पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश के द्वारा मध्य प्रदेश के 33 जिलों को यह इंटरसेप्टर वाहन प्रदान की गई है जिसमें रीवा को भी शामिल किया गया है. अन्य बड़े शहरों के मुकाबले अब रीवा भी तकनीकी सुविधाओं से लैस इंटरसेप्टर वाहन के कारण अपराध रोकने में कामयाब होगा.
यातायात पुलिस की इंटरसेप्टर वाहन को आज रीवा कंट्रोल रूम में पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन के द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हरी झंडी दिखाई गई है जिसके बाद अब यह वाहन सड़कों पर तेज गति से दौड़ने वाले वाहनों पर कार्रवाई भी करेगा.
Tags: