पुणे: महाराष्ट्र के पुणे से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। सावन के महीने में मटन खाने की जिद करने पर एक पिता ने अपने 30 साल के बेटे की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी माता-पिता ने मिलकर अपराध के सबूत मिटाने की भी कोशिश की, लेकिन पुलिस की तत्परता से पूरे मामले का भंडाफोड़ हो गया। मृतक की पहचान महेश गायकवाड़ के रूप में हुई है। वह पुणे का निवासी था। पुलिस के अनुसार, सावन का पवित्र महीना होने के कारण महेश का परिवार इन दिनों घर में मांसाहारी भोजन नहीं बना रहा था।
विवाद की शुरुआत तब हुई जब महेश ने घर पर मटन खाने की जिद पकड़ी। इस बात को लेकर पिता और बेटे के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई। गुस्से में आकर पिता ने महेश की बेरहमी से पिटाई कर दी। हमला इतना गंभीर था कि महेश बुरी तरह घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बेटे की मौत के बाद परिवार ने पुलिस को सूचित करने के बजाय अपराध को छुपाने का प्रयास किया। महेश की मां ने अपने पति को बचाने के लिए हत्या के सबूत मिटाने में उसकी मदद की। वारजे मालवाड़ी पुलिस स्टेशन को जब इस मामले पर संदेह हुआ तो पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने गहराई से पूछताछ और छानबीन की, जिसके बाद इस खौफनाक वारदात की परतें खुल गईं।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पिता और मां दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पिता पर हत्या और मां पर साक्ष्य मिटाने में सहयोग करने के आरोप में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Tags: