Nahan. नाहन। उद्योग, संसदीय मामले तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बुधवार को जिला सिरमौर के नाहन स्थित बचत भवन में जिला योजना, विकास एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में विधायक नाहन अजय सोलंकी, उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा सहित कार्यक्रम के सरकारी एवं गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे। हर्षवर्धन चौहान ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि जिला सिरमौर में विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से हासिल किया जा सके। उन्होंने कार्यक्रम के गैर सरकारी सदस्यों को भी सतर्कता के साथ कार्य करने को कहा ताकि सरकार की गतिविधियों को जमीनी स्तर पर पहुंचाया जाए और किसी भी प्रकार की कमियों को पूरा किया जा सके।
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026-27 के दौरान जिला सिरमौर में आठ भूमिहीन परिवारों को भूमि के पट्टे प्रदान किए गए हैं। जिला श्रम कार्यालय द्वारा विभिन्न उद्योगों में 115 निरीक्षण किए गए, जिनमें 56 मामलों में अनियमितताएं पाई गईं। इन सभी 56 मामलों में अनियमितताओं को दुरुस्त किया गया।लोक वितरण प्रणाली के तहत वर्ष 2026-27 में जिला सिरमौर के लिए कुल 13,719 मीट्रिक टन खाद्यान्न आवंटित किया गया। बैठक में अंत्योदय अन्न योजना के तहत 6,308 मीट्रिक टन तथा गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों के लिए 1,080 मीट्रिक टन खाद्यान्न आवंटित किए जाने की जानकारी दी गई।प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले में वर्ष 2024-25 के दौरान 8,191 परिवारों को गृह निर्माण के लिए स्वीकृति प्रदान की गई, जबकि वर्ष 2025-26 में 179 परिवारों को आवास निर्माण की स्वीकृति दी गई। योजना के अंतर्गत 1,779 अनुसूचित जाति तथा 119 अनुसूचित जनजाति के परिवारों को लाभान्वित किया गया है।स्वच्छता के क्षेत्र में व्यक्तिगत घरेलू शौचालय निर्माण के तहत वर्ष 2025-26 में 79 तथा वर्ष 2026-27 में 120 शौचालयों का निर्माण किया गया।वन विभाग द्वारा जिला सिरमौर में 588 हेक्टेयर भूमि पर 4,84,700 पौधे रोपित किए गए हैं। वहीं, विद्युत विभाग द्वारा वर्ष 2026-27 में जिले में 240.96 मिलियन यूनिट बिजली वितरित की गई।बैठक का संचालन अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सिरमौर एकता कपटा ने किया।