Delhi दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय निशानेबाज स्वदेश लौट आए हैं। दिल्ली पहुंचने पर खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ ने अपने प्रदर्शन पर खुशी जताई और भविष्य में इससे भी बेहतर नतीजे हासिल करने का भरोसा जताया। पदक विजेता निशानेबाजों ने अपने परिवार, कोच, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI), खेल मंत्रालय और नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) से मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। शॉटगन कोच अमरिंदर सिंह चीमा ने भारतीय टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है और आने वाले समय में इससे भी बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि NRAI और SAI की ओर से टीम को लगातार सहयोग और मार्गदर्शन मिल रहा है। इससे खिलाड़ियों को अपनी तैयारियों को बेहतर करने में मदद मिली है और टीम अब अच्छी लय पकड़ रही है।
चीमा ने कहा कि खेल मंत्रालय से मिल रहे सहयोग और मजबूत बैकअप के साथ भविष्य में भारतीय निशानेबाजी से और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य ध्यान अगली पीढ़ी के निशानेबाजों को तैयार करने पर है, ताकि ओलंपिक और आने वाले एशियन गेम्स जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत लगातार मजबूत प्रदर्शन कर सके। एशियन गेम्स 2026 में कांस्य पदक जीतने वाले भारतीय स्कीट शूटर मैराज अहमद खान ने अपनी सफलता पर खुशी जाहिर की। उन्होंने सबसे पहले ईश्वर का शुक्रिया अदा किया। इसके साथ ही उन्होंने अपने करियर में मिले सहयोग के लिए जिंदल स्टील और नवीन जिंदल का आभार जताया। मैराज ने कहा कि उन्हें लगातार भरोसा और सहयोग मिला, जिसकी वजह से वह देश के लिए पदक जीतने में सफल रहे।
मैराज ने स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया, खेल मंत्रालय और नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को मिलने वाला संस्थागत सहयोग बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की तैयारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वहीं एशियन गेम्स में दो रजत पदक जीतने वाली भारतीय निशानेबाज इलावेनिल वलारिवन ने कहा कि इस उपलब्धि से वह बेहद खुश हैं। उन्होंने देर रात तक खिलाड़ियों का स्वागत और समर्थन करने पहुंचे लोगों का आभार जताया। इलावेनिल ने कहा कि इस तरह का समर्थन खिलाड़ियों को भविष्य में और अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने बताया कि यह उनका दूसरा एशियन गेम्स था और इस प्रतियोगिता में उन्होंने पहली बार पदक हासिल किया। इस उपलब्धि से उनका परिवार, कोच और दोस्त बेहद खुश हैं। इलावेनिल ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक जीता था। इसके अलावा उन्होंने सोनम उत्तम मस्कर और विदर्शा विनोद के साथ टीम स्पर्धा में भी रजत पदक हासिल किया। रजत पदक विजेता सोनम उत्तम मस्कर ने कहा कि इतने बड़े मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना और देश के लिए पदक जीतना शानदार अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि भारत का प्रतिनिधित्व करने के साथ जिम्मेदारी का अहसास भी था और इसी जिम्मेदारी ने उन्हें अपना शत-प्रतिशत प्रदर्शन करने की ऊर्जा दी। भारतीय निशानेबाजों के प्रदर्शन के बाद अब कोचिंग स्टाफ की नजर भविष्य की प्रतियोगिताओं पर है। टीम का जोर मौजूदा खिलाड़ियों के प्रदर्शन को और बेहतर करने के साथ नई पीढ़ी के प्रतिभाशाली निशानेबाजों को तैयार करने पर रहेगा, ताकि भारत अंतरराष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिताओं में अपनी मजबूत मौजूदगी बनाए रख सके।
Tags: