Andhra Pradesh आंध्र प्रदेश। ओमान के पास हुए सैटेबेलो ऑयल टैंकर पर कथित हमले में मारे गए तीन भारतीय क्रू मेंबर्स में विशाखापत्तनम के भारतीय नाविक सुरेश पटनाला के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अब तक आधिकारिक तौर पर उनकी पहचान की पुष्टि नहीं हुई है, जिससे परिवार गहरे सदमे और अनिश्चितता में है।
सुरेश पटनाला के परिवार ने केंद्र और राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनके पिता और पत्नी ने अपील की है कि सरकार जल्द से जल्द सुरेश की पहचान की पुष्टि करे और उनकी तस्वीर या अन्य आधिकारिक दस्तावेज साझा किए जाएं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वे वास्तव में इस हमले में मारे गए हैं या नहीं।
परिवार ने यह भी मांग की है कि यदि सुरेश की मृत्यु की पुष्टि होती है, तो उनके पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि सुरेश परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे, जो अपनी पत्नी और दो बच्चों का भरण-पोषण कर रहे थे, ऐसे में इस घटना ने परिवार को आर्थिक और भावनात्मक संकट में डाल दिया है।
परिजनों ने सरकार से वित्तीय सहायता की भी मांग की है, ताकि बच्चों की शिक्षा और परिवार की दैनिक जरूरतें पूरी हो सकें। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग भी परिवार के समर्थन में सामने आ रहे हैं। अधिकारियों की ओर से अभी तक विस्तृत पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है, जबकि विदेश मंत्रालय और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच और पहचान प्रक्रिया में जुटी हुई हैं। परिवार को उम्मीद है कि जल्द ही स्थिति स्पष्ट होगी और उन्हें न्याय मिलेगा।