भारतीय सेना की रोमियो फोर्स को मिली बड़ी सफलता, IED समेत कई विस्फोटक सामान जब्त

Update: 2026-01-02 01:03 GMT

जम्मू। पुंछ जिले में भारतीय सेना ने आतंकवाद के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है. सेना की रोमियो फोर्स ने लोरान इलाके के गरंग जंगल में आतंकियों के एक ठिकाने का पता लगाया है, जो ऊंचाई वाले क्षेत्र में स्थित था. इस सफलता से आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों के अभियान को मजबूती मिली है. इस ठिकाने से सुरक्षा बलों को IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) जैसे विस्फोटक सामान समेत आतंकियों के उपयोग की कई लॉजिस्टिक सामग्री बरामद हुई है. इससे यह साफ हो गया है कि इस इलाके के जंगलों में आतंकी गतिविधि को अंजाम देने की रणनीति बनाई जा रही थी.

यह बरामदगी क्षेत्र में आतंकवादियों की मंशा और उनकी योजना को नाकाम करने में एक बड़ा कदम साबित होगी. कड़कड़ाती ठंड और भौगोलिक चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद सुरक्षा बल पूरे इलाके में लगातार दबदबा बनाए हुए हैं. जंगलों में आतंकियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है जिससे किसी भी आतंकवादी साजिश को समय रहते रोका जा सके.

सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, पुंछ जिले में आतंकवादियों को मदद न मिलने और उनकी गतिविधियों को कुचलने के लिए सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मिलकर चौकसी और बढ़ा रही है. उनका उद्देश्य किसी भी प्रकार की आतंकी घटना को होने से पहले ही रोकना है ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनी रहे. यह सफलता भारतीय सेना की मजबूत रणनीति और समर्पित प्रयासों का परिणाम है, जो जम्मू कश्मीर जैसे संवेदनशील इलाके में जनता को सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभा रहे हैं.

Tags:    

Similar News

null