जमीनी विवाद में महिला ने मासूम के मुंह में डाला ब्लेड, आरोपी फरार
परिजन सदमें में
Money wise. धनवार। संपत्ति विवाद के चलते एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला पर अपने देवर के मासूम बेटे के मुंह में ब्लेड डालने का आरोप लगा है। पीड़ित पिता राहुल कुमार सोनी ने अपनी भाभी रेशमी देवी पर आरोप लगाते हुए कहा कि आपसी रंजिश के कारण उन्होंने साजिशन बच्चे शिवांश के मुंह में ब्लेड डाल दिया। ब्लेड निगलने के बाद बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे लगातार उल्टियां होने लगीं। घबराए परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए।
लेकिन हालत में सुधार न होने पर पहले तिलैया और फिर रांची रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के प्रयास से अब बच्चा स्वस्थ है और उसे घर भेज दिया गया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि घटना से पहले संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था और इसी दौरान रेशमी देवी ने कथित रूप से बच्चे को जान से मारने की धमकी दी थी। फिलहाल, आरोपी रेशमी देवी और उसके पति भीखो सोनार फरार हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।