नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट में वक्फ संशोधन एक्ट को चुनौती दिए जाने और मुर्शिदाबाद हिंसा को लेकर जारी आरोप-प्रत्यारोप के बीच राष्ट्रीय राजधानी में सियासी सरगर्मी लगातार देखी जा रही है। ताजा सरगर्मी दिल्ली बीजेपी यूनिट से आई है। रविवार को दिल्ली बीजेपी विधायक दल की बैठक हुई। इसमें दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, बीजेपी सांसद कमलजीत सहरावत और योगेंदर चंदोलिया मौजूद रहे।
इस बैठक में ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ को लेकर चर्चा हुई। एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, एक राष्ट्र एक चुनाव पर चर्चा के लिए राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल की अध्यक्षता में दिल्ली में भाजपा विधायक दल की बैठक हुई।
यह बैठक ऐसे वक्त में हुई जब देश में अलग-अलग मुद्दों को लेकर सियासी माहौल गर्म है। हाल ही में पंश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में वक्फ (संशोधन) एक्ट के विरोध में प्रदर्शनों के दौरान भड़की हिंसा में तीन लोगों की मौत हो गई। कई अन्य लोग घायल भी हुए थे। उपद्रवियों ने कई संपत्तियों में तोड़-फोड़ और आगजनी की थी। इसको लेकर भाजपा सीएम ममता बनर्जी से इस्तीफा मांग रही है।
भाजपा कार्यकर्ता पश्चिमी बंगाल में राष्ट्रपति शासन की मांग कर रहे हैं। यही नहीं वक्फ (संशोधन) एक्ट को सुप्रीम कोर्ट तक में चुनौती दी गई है। सुप्रीम कोर्ट मामले की सुनवाई कर रहा है। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस आर महादेवन की पीठ ने तमिलनाडु सरकार के 10 जरूरी बिलों को राज्यपाल की ओर से रोके जाने को अवैध करार देते हुए कहा था कि यह मनमाना कदम है। राज्यपाल को पास बिल पर एक महीने के भीतर कदम उठाना चाहिए।
इन मुद्दों के बीच भाजपा में संगठनात्मक बदलाव को लेकर भी कयास लगाए जा रहे हैं। इन मुद्दों पर गरमाए सियासी माहौल के बीच दिल्ली में विधायक दल की बैठक में हुई चर्चाओं पर भी नजरें हैं। एएनआई के मुताबिक, ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ को लेकर चर्चा हुई। लेकिन बैठक में कौन-कौन से मुद्दे उठे और इन पर क्या निर्णय लिया गया। इस बारे में पार्टी का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।