मांगें नहीं मानीं तो विधानसभा कूच करेंगे छात्र
JPSC-JSSC विवाद: आज विधानसभा घेराव की तैयारी
Ranchi रांची: JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों ने आज विधानसभा तक मार्च निकालने का ऐलान किया है। छात्रों का कहना है कि सरकार के साथ कई दौर की बातचीत के बावजूद उनकी प्रमुख मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसी के विरोध में बड़ी संख्या में छात्र विधानसभा की ओर कूच करेंगे।
प्रदर्शनकारी छात्र खास तौर पर JSSC CGL परीक्षा को रद्द करने और भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़े हुए हैं। छात्रों का आरोप है कि परीक्षाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित नहीं होने से अभ्यर्थियों के भविष्य पर असर पड़ रहा है। वहीं, झारखंड सरकार का कहना है कि छात्रों की कई मांगों को स्वीकार किया जा चुका है। सरकार ने 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा को रद्द करने और परीक्षा संबंधी वित्तीय अनियमितताओं की जांच में ED को शामिल करने की बात कही है। हालांकि JSSC CGL परीक्षा रद्द करने की मांग पर सरकार सहमत नहीं हुई है। इसके बजाय इस मामले में न्यायिक जांच का प्रस्ताव दिया गया है।
विधानसभा मार्च को देखते हुए रांची प्रशास न ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। विधानसभा परिसर के आसपास बैरिकेडिंग की गई है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने की अपील की है। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी सभी प्रमुख मांगों पर स्पष्ट फैसला नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा। ऐसे में आज का विधानसभा मार्च सरकार और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच जारी गतिरोध के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।