महाकाल नगरी में आईडी फर्जीवाड़ा, गलत आधार से महिला को ठहराया

हिंदू संगठन का हंगामा

Update: 2025-12-13 14:37 GMT
Ujjain उज्जैन: धार्मिक नगरी उज्जैन में एक होटल में गलत पहचान पत्र के आधार पर कमरा लेने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। मामला उज्जैन के गदापुलिया क्षेत्र स्थित हकीमी होटल का है, जहां एक युवक पर आरोप है कि उसने गलत आधार कार्ड दिखाकर अपने साथ आई महिला को पत्नी बताकर होटल में ठहराया। घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठनों ने होटल पहुंचकर हंगामा किया, जिसके बाद महाकाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान डॉ. शाकिर हुसैन के रूप में हुई है, जो आगर मालवा जिले का निवासी बताया जा रहा है। वह अपनी एक हिंदू महिला मित्र के साथ उज्जैन पहुंचा था। होटल में कमरा लेते समय शाकिर हुसैन ने अपनी आईडी सही दी, लेकिन महिला को अपनी पत्नी बताकर एक आधार कार्ड जमा कराया, जो बाद में संदिग्ध पाया गया। होटल संचालक को जब आधार कार्ड में गड़बड़ी नजर आई तो उसने हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारियों अर्जुन सिंह भदोरिया, रितेश माहेश्वरी और कपिल कसेरा को मामले की सूचना दी।
हिंदू संगठनों के लोग जब होटल पहुंचे और युवक से महिला के संबंध में सवाल किए, तो वह स्पष्ट जवाब नहीं दे सका। काफी देर तक हंगामा होने के बाद यह बात सामने आई कि महिला मुस्लिम नहीं है और होटल में जमा कराया गया आधार कार्ड गलत है। इसके बाद महाकाल थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक और महिला दोनों को थाने ले जाकर पूछताछ की।
महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि मामले में आरोपी डॉ. शाकिर हुसैन के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। वहीं, महिला को सुरक्षा और काउंसलिंग के लिए वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि महिला को पूरे मामले की जानकारी थी या नहीं और उसने किसी तरह का विरोध क्यों नहीं किया।
हिंदू जागरण मंच के कपिल कसेरा ने बताया कि आरोपी शाकिर हुसैन पहले आगर में महाकाल अस्पताल में काम करता था, जहां उसकी महिला से पहचान हुई थी। महिला शादीशुदा है और महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन आना चाहती थी, इसी कारण वह उसके साथ आई। हालांकि, महिला को इस बात की जानकारी नहीं थी कि होटल में उसे किस नाम और पहचान के आधार पर ठहराया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और होटल प्रबंधन की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, वहीं पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
Tags:    

Similar News