पत्नी को मनाने पहुंचा पति, चाकू से हमला कर भागा फिर रेलवे ट्रैक पर मौत की मिली खबर
जानें स्टोरी.
अहमदाबाद: अहमदाबाद में सनसनीखेज कहानी सामने आई है. यहां पति से बार-बार होने वाले झगड़ों से परेशान होकर पत्नी करीब 10 दिनों से अपनी बहन के घर रह रही थी. पति उसे मनाने के लिए वहां पहुंचा, लेकिन बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि उसने पत्नी पर चाकू से कई वार कर दिए. इसके बाद पति वहां से निकल गया और अमरेली जिले के ढसा में रेलवे लाइन पर उसकी मौत की खबर सामने आई.
मामला अहमदाबाद के निकोल इलाके और अमरेली के ढसा का है. पुलिस के मुताबिक, 42 साल की रेखा अपने पति भावेश बारैया के साथ अमरेली के लाठी में रहती थी. दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था. लगातार झगड़ों से परेशान होकर रेखा करीब 10 दिन पहले अहमदाबाद आ गई थी. वह निकोल में रहने वाली अपनी 37 साल की बहन संगीता गोस्वामी के घर रह रही थी. 29 अगस्त की सुबह करीब 5:30 बजे भावेश अहमदाबाद के निकोल पहुंचा. वह पत्नी को मनाने आया था.
दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई. इस दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया. देखते ही देखते मामला इतना बिगड़ गया कि भावेश ने रेखा पर चाकू से हमला कर दिया. पुलिस के मुताबिक, भावेश ने रेखा के शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर कई वार किए.
रेखा गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया. वहीं हमला करने के बाद भावेश वहां से निकल गया. निकोल पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. भावेश की तलाश की जा रही थी. इसी दौरान जांच के बीच पुलिस को एक और जानकारी मिली.
अमरेली जिले के ढसा में रेलवे लाइन पर भावेश की मौत हो गई थी. पुलिस के मुताबिक, भावेश ने आत्महत्या की. यानी एक तरफ अहमदाबाद में पत्नी पर चाकू से हमला हुआ था और दूसरी तरफ कुछ ही समय बाद अमरेली से पति की मौत की खबर सामने आ गई. अब इस पूरे मामले की जांच दो अलग-अलग जगहों की पुलिस कर रही है.
निकोल पुलिस रेखा पर हुए हमले की जांच में जुटी है. इस मामले में केस दर्ज किया गया है. वहीं अमरेली जिले की ढसा पुलिस भावेश की मौत की जांच कर रही है. अब पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उस सुबह दोनों के बीच आखिर किस बात को लेकर विवाद हुआ था और घटना के बाद भावेश अमरेली कैसे पहुंचा. फिलहाल रेखा का अस्पताल में इलाज चल रहा है और दोनों घटनाओं की जांच पुलिस कर रही है.