पत्नी की हत्या के बाद पति ने कर ली खुदकुशी, मामलें में जांच जारी

इस एंगल से जांच होगी शुरू

Update: 2024-05-18 10:50 GMT
गाजियाबाद। गाजियाबाद में पत्नी की हत्या करके खुदकुशी करने वाले श्याम गोस्वामी को पत्नी के चरित्र पर शक होता था। पत्नी नोएडा की गारमेंट्स कंपनी में जॉब करती थी और महीने में एक-दो बार ही पति के पास जाती थी। पति को शक था कि नोएडा में उसका किसी और युवक से अफेयर है और वो उसी के साथ रहती है। पति चाहता था कि पत्नी जॉब छोड़कर घर रहे। वो जॉब छोड़ने को राजी नहीं थी। आखिर ये बात इतनी बढ़ गई कि पति ने खौफनाक कदम उठा डाला।
मूल रूप से एटा के निघौली थाना क्षेत्र स्थित गांव गदूरी निवासी 28 वर्षीय श्याम गोस्वामी की शादी करीब 8 साल पहले प्रिया से हुई थी। शादी के बाद दोनों को एक बेटी हुई, जिसका नाम काजल है। शादी के कुछ वक्त बाद ही श्याम और प्रिया गाजियाबाद आ गए। वे यहां अंकुर विहार थाना क्षेत्र स्थित शंकर विहार कॉलोनी में रहते थे। ये दंपति जिस मकान में रहता था, पहले वो मकान श्याम के भाई का था। बाद में श्याम ने भाई से ये मकान खरीद लिया था। श्याम गाजियाबाद में ही स्टेयरिंग कवर बनाने की फैक्ट्री में काम करता था। वहीं प्रिया नोएडा की गारमेंट्स कंपनी में नौकरी करती थी। इस वजह से बेटी काजल पैतृक गांव में अपने दादा-दादी के पास रहती थी।
पारिवारिक सदस्यों के मुताबिक, प्रिया का नोएडा से गाजियाबाद आना महीने में सिर्फ एक-दो बार होता था। वो ये कहती थी कि घर आने में कई घंटे लगते हैं। दूसरा काफी पैसा भी खर्च होता है। प्रिया का ये भी कहना था कि उसे कंपनी ने रहने-खाने की सुविधा दी हुई है। इस वजह से घर में प्रिया और श्याम के बीच अक्सर विवाद होता था। श्याम को शक होता था कि प्रिया का नोएडा में ही किसी युवक से अफेयर चल रहा है। श्याम कहता था कि प्रिया जॉब छोड़ दे और घर पर रहे। प्रिया ने जॉब छोड़ने से साफ मना कर दिया था। बीते कई दिनों से श्याम अपने पैतृक गांव गया हुआ था। इधर, प्रिया बीते बुधवार को दिल्ली के करावलनगर में रहने वाली अपनी ननद के यहां गई थी। ननद ने श्याम को फोन करके दिल्ली ही बुला लिया। ननद ने प्रिया-श्याम के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने का प्रयास किया और गुरुवार शाम दोनों को गाजियाबाद भेज दिया।
शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे के आसपास माना जा रहा है कि श्याम और प्रिया के बीच फिर कोई विवाद हुआ। जिसके बाद श्याम ने दुपट्टे से गला घोंटकर प्रिया की हत्या कर दी। हत्याकांड के बाद साढ़े 12 बजे के आसपास श्याम ने पत्नी का सिर गोद में रखकर सेल्फी खींची और अपने पांच-छह रिश्तेदारों को भेजी। श्याम की बहन ने उसका मैसेज दोपहर एक बजकर 50 मिनट के आसपास देखा। उसने तुरंत कई फोन किए, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद उसने श्याम के छोटे भाई प्रवीण को मौके पर भेजा। प्रवीण जब यहां आया तो सारे केस का पता चला। श्याम की लाश फांसी पर लटकी हुई थी, जबकि प्रिया बेड पर मृत अवस्था में पड़ी थी।
Tags:    

Similar News