पति-पत्नी गिरफ्तार, भाजपा नेता ब्लैकमेलिंग का शिकार हुए

जानें पूरा मामला.

Update: 2026-08-11 02:54 GMT
अलीगढ़: अलीगढ़ में बीजेपी के महानगर मीडिया प्रभारी निधीश कांत भट्ट को कथित तौर पर हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने के मामले में बन्नादेवी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक दंपती को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि फर्जी फेसबुक आईडी के जरिए बीजेपी नेता से संपर्क किया गया और उन्हें फ्लैट दिखाने के बहाने बुलाकर आपत्तिजनक वीडियो बना लिया गया. इसके बाद वीडियो वायरल करने और झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर पैसे की मांग की गई.
मामला 30 जुलाई का बताया जा रहा है. निधीश कांत भट्ट की शिकायत पर बन्नादेवी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था. शिकायत के मुताबिक फेसबुक मैसेंजर पर एक महिला से उनकी बातचीत शुरू हुई थी. इसके बाद महिला ने फ्लैट दिखाने के बहाने उन्हें क्वार्सी क्षेत्र के स्वर्ण जयंती नगर की ओर बुलाया. पीड़ित का आरोप है कि वहां साजिश के तहत उन्हें नशीला पदार्थ खिलाया गया. नशे की हालत में उनके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाए गए.
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इस दौरान उनकी सोने की अंगूठी, चेन और 12 हजार रुपये निकाल लिए गए. इसके बाद कथित तौर पर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग शुरू की गई. आरोप है कि पीड़ित से पहले दो लाख रुपये लिए गए और बाद में पांच लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की गई.
पुलिस ने जांच के बाद श्रवण कुमार और उसकी पत्नी काजल देवी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार पूछताछ में काजल ने बताया कि अनूप नाम के एक व्यक्ति ने उसे 'पूजा कुमारी' के नाम से फेसबुक आईडी बनाकर दी थी. इसी आईडी के जरिए लोगों को कथित तौर पर जाल में फंसाने और रुपये वसूलने की योजना थी.
बन्नादेवी पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन, चार मोबाइल फोन के बॉक्स और सात आधार कार्ड बरामद किए हैं. पुलिस का दावा है कि एक POCO मोबाइल फोन में शिकायतकर्ता से संबंधित नौ वीडियो मिले हैं. मामले में सामने आए अन्य नामों और उनकी भूमिका की जांच जारी है.
Tags:    

Similar News