हॉलीवुड में बड़ा धमाका! रेप केस में रसेल ब्रांड दोषी करार
9 नवंबर को सजा का ऐलान
लंदन। ब्रिटिश अभिनेता और मशहूर कॉमेडियन रसेल ब्रांड (Russell Brand) को ब्रिटेन की एक अदालत ने रेप और यौन उत्पीड़न के चार मामलों में दोषी करार दिया है। गुरुवार को लंदन की साउथवार्क क्राउन कोर्ट ने चार सप्ताह तक चली सुनवाई के बाद फैसला सुनाया। 51 वर्षीय अभिनेता को एक महिला से रेप और तीन अन्य महिलाओं के यौन उत्पीड़न का दोषी पाया गया है। अदालत अब 9 नवंबर को उनकी सजा तय करेगी।
ब्रिटेन की क्राउन प्रॉसिक्यूशन सर्विस (CPS) के अनुसार, ये अपराध वर्ष 2004 से 2009 के बीच हुए थे। उस दौरान रसेल ब्रांड मनोरंजन जगत में तेजी से लोकप्रिय हो रहे थे। अभियोजन पक्ष ने अदालत में आरोप लगाया कि ब्रांड ने अपनी प्रसिद्धि और प्रभाव का दुरुपयोग कर महिलाओं का यौन शोषण किया।
सुनवाई के दौरान कई महिलाओं और गवाहों के बयान दर्ज किए गए। हालांकि, अदालत ने ब्रांड को रेप के दो अन्य आरोपों और एक महिला पर अभद्र हमला करने के प्रयास के आरोप से बरी कर दिया। ब्रांड ने सुनवाई के दौरान अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया था। फैसला सुनाए जाने के बाद न्यायाधीश जोएल बेनाथन ने संकेत दिया कि अभिनेता को लंबी जेल की सजा हो सकती है। अदालत ने उनकी जमानत की मांग खारिज करते हुए उन्हें हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
लंदन की मेट्रोपॉलिटन पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान 100 से अधिक गवाहों से पूछताछ की गई और 1,400 से ज्यादा दस्तावेजों की समीक्षा की गई। वर्ष 2023 में सामने आए यौन शोषण के आरोपों के बाद इस मामले की विस्तृत जांच शुरू हुई थी। रसेल ब्रांड हॉलीवुड फिल्मों और टेलीविजन कार्यक्रमों के जरिए अंतरराष्ट्रीय पहचान बना चुके हैं। अदालत के फैसले के बाद उनके भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।