बागपत: बागपत में दिनदहाड़े हुए चर्चित ट्रिपल मर्डर केस में बड़ा एक्शन हुआ है. पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी की सरेआम गोली मारकर हत्या करने वाले व्यापारी दीपक अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है. वही दीपक, जिसने अपने भाई और भतीजे की हत्या के कुछ ही पलों बाद NH-709 बी हाईवे पर पुलिस और राहगीरों के सामने लुहारी को गोलियों से भून दिया था. इस सनसनीखेज वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसने कानून-व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए थे.
दरअसल, 9 जून 2026 को कोतवाली बड़ौत क्षेत्र में शाम NH-709 बी हाईवे पर तहसील से करीब 200 मीटर की दूरी पर खूनी खेल खेला गया था।.आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी अपने साथियों के साथ टेंट कारोबारी सोहनलाल अग्रवाल और उनके बेटे विकास अग्रवाल पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उनकी हत्या कर दी थी.
डबल मर्डर को अंजाम देने के बाद जब लुहारी अपने साथी के साथ मौके से भाग रहा था, तभी मृतक सोहनलाल के भाई दीपक अग्रवाल ने बीच सड़क पर लुहारी को निशाना बनाते हुए गोलियां चला दीं. गोली लगते ही लुहारी घायल हुआ था और अस्प्ताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. इस तरह कुछ ही मिनटों में डबल मर्डर ट्रिपल मर्डर में बदल गया.
वहीं, इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें बीच सड़क पर खुलेआम फायरिंग होती दिखाई दी थी. वारदात पुलिस और आम लोगों की मौजूदगी में हुई थी, जिसके बाद कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठे थे. वरुण लुहारी की मौत के बाद उसके परिजनों ने दीपक अग्रवाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था. इसी मुकदमे में कार्रवाई करते हुए बागपत पुलिस ने अब दीपक अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है.