रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में गुरुवार, 29 अक्टूबर को मौसम ने अचानक करवट ली। बाबा केदार की नगरी में ताजा बर्फबारी होने से पूरा क्षेत्र सफेद चादर से ढक गया है। बर्फबारी के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे धाम में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। हालांकि, कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार, केदारनाथ धाम में सुबह से मौसम खराब बना रहा। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई, जबकि रुद्रप्रयाग जिले के निचले क्षेत्रों में बादल छाए रहे और हल्की बारिश दर्ज की गई। ऊखीमठ, गुप्तकाशी और आसपास के इलाकों में भी मौसम के बदलाव से ठंड बढ़ गई है।
बर्फबारी के बाद केदारनाथ मंदिर और आसपास की पहाड़ियां बेहद खूबसूरत नजर आ रही हैं। श्रद्धालु बर्फ से ढकी केदारपुरी के मनमोहक दृश्यों को अपने कैमरों में कैद करते दिखाई दिए। कई श्रद्धालुओं ने बर्फबारी के बीच बाबा केदार के दर्शन किए।
वहीं, बदलते मौसम को देखते हुए रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने तीर्थयात्रियों से सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं को ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े साथ रखने और प्रशासन तथा पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा है।
गौरतलब है कि केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए 11 नवंबर 2026 को सुबह 8:30 बजे बंद किए जाएंगे। इसके बाद बाबा केदार की डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर के लिए रवाना होगी। कपाट बंद होने से पहले बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इस यात्रा सीजन में अब तक 18.53 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।
Tags: