दिल्ली। देशभर में मॉनसून की रफ्तार फिलहाल सामान्य से धीमी बनी हुई है और अब तक बारिश में कुल 12 फीसदी की कमी दर्ज की गई है. हालांकि, दिल्ली-NCR और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को सुबह की शुरुआत सावन की रिमझिम बारिश के साथ हुई. मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक हफ्ते तक कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा. खास तौर पर उत्तर-पूर्व, पूर्वी भारत और दक्षिण के कुछ हिस्सों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है.
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, केरल और तेलंगाना समेत कई राज्यों पर मौसम विभाग (IMD) की नजर बनी हुई है. मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत राज्य के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों के 50 जिलों में बुधवार से शुक्रवार तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. करीब 36 जिलों में 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने और बिजली गिरने का भी अलर्ट है.
आईएमडी के मुताबिक अगले दो दिनों तक उत्तर-पूर्व और उससे सटे पूर्वी भारत में कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके बाद भी अगले पांच दिनों तक कई इलाकों में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है. 5 अगस्त को असम और मेघालय में 21 सेंटीमीटर या उससे अधिक बारिश होने की संभावना है. 5 से 10 अगस्त के बीच नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में व्यापक बारिश का अनुमान है.
इसी दौरान अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम में भी अच्छी से बहुत अच्छी बारिश हो सकती है. झारखंड में 5 से 8 अगस्त और 10 अगस्त, जबकि बिहार में 5 और 6 अगस्त को भारी बारिश का अनुमान है. केरल, तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी अगले तीन दिनों तक कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.