दिल्ली। राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश से मध्य प्रदेश तक तेज़ हवाओं और बारिश का सिलसिला जारी है. दिल्ली समेत कई अन्य राज्यों आज भी मौसम कुछ ऐसा ही रहने वाला है.
दिल्ली में रविवार की रात से तेज बारिश और गर्जन के साथ मौसम ने करवट ली. मौसमी गतिविधियों को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. आज यानी 8 अप्रैल को भी शहर में बारिश और गर्जन के साथ तूफानी मौसम का अनुमान जताया है. सुबह से शाम तक हल्की से मध्यम बारिश, बिजली कड़कने और तेज़ हवाओं (30-40 किमी प्रति घंटा) के साथ गरज-चमक का अलर्ट है. शाम के वक्त हवाओं की रफ्तार में और तेजी आ सकती है. हालांकि गुरुवार से मौसम में सुधार देखने को मिलेगा.
दिल्ली के अलावा उत्तर भारत के कई राज्यों में भी अलर्ट जारी है. स्काईमेट के मुताबिक, आज जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी संभव है. पंजाब, हरियाणा, उत्तर व पूर्व राजस्थान, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश और ओडिशा के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश, गरज-चमक और कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है.