बैठक में कांग्रेस MP Imran Masood और सपा MLA के बीच तीखी बहस
वीडियो हुआ वायरल.
सहारनपुर: यूपी के सहारनपुर में सियासी पारा उस वक्त हाई हो गया जब कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और सपा विधायक आशु मलिक के बीच जुबानी जंग छिड़ गई. इससे पहले भी दोनों नेताओं के बीच वार-पलटवार होता रहा है. लेकिन इस बार मौका था दिशा की बैठक का, जहां मसूद और मलिक आमने-सामने आ गए. ये बहस देखकर बगल में बैठीं सपा सांसद इकरा हसन भी दंग रह गईं, हालांकि उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी.
सहारनपुर जिले में मंगलवार को दिशा बैठक के दौरान सियासी घमासान देखने को मिला, जहां सपा विधायक आशु मलिक और कांग्रेस सांसद इमरान मसूद आमने-सामने आ गए. बैठक में अपनी विधानसभा से जुड़े जनता के मुद्दे उठाते हुए विधायक आशु मलिक ने अधिकारियों के सामने सवालों के जवाब को लेकर अपना पक्ष मजबूती से रखा. इसी दौरान दोनों नेताओं के बीच सवाल पूछने की बारी और समय को लेकर तीखी नोकझोंक हो गई.
वायरल वीडियो में विधायक आशु मलिक कहते नजर आ रहे हैं कि 80 फीसदी सवाल जनता के हैं, अगर हम सवाल नहीं पूछेंगे तो कौन पूछेगा. इस पर सांसद इमरान मसूद ने कहा कि दूसरे लोगों को भी बोलने दीजिए, सभी की बारी आएगी. बातचीत बढ़ने के साथ ही बैठक का माहौल गर्म हो गया और अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के सामने दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस देखने को मिली.
विधायक आशु मलिक ने अधिकारियों को दो टूक कहा कि उनके लगाए गए सवाल ड्रॉप नहीं किए जाएं और सभी सवालों के लिखित जवाब दिए जाएं. दिशा बैठक में सामने आए इस सियासी टकराव का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
फिलहाल, वीडियो सामने आने के बाद सहारनपुर के सियासी गलियारों में भी इस नोकझोंक को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. वायरल वीडियो 18 अगस्त 2026 दिल्ली रोड विकास भवन सभागार का बताया जा रहा है. हालांकि, इस वीडियो को लेकर अभी तक ना तो समाजवादी पार्टी के विधायक आशु मलिक और ना ही कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की तरफ से कोई प्रतिक्रिया सामने आई है.