Madhya Pradesh मध्य प्रदेश: राजधानी भोपाल के सोनागिरी इलाके में सोमवार को एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां एक व्यक्ति ने अपनी लिव-इन पार्टनर पर हथौड़े से हमला करने के बाद खुद पर चाकू से वार कर आत्महत्या कर ली। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है और अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 50 वर्षीय लक्ष्मण प्रसाद रिछारिया के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर था और सी सेक्टर की झुग्गी बस्ती में रहता था। पत्नी की मौत के बाद वह कल्पना नाम की महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था।
रविवार सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो बढ़ते-बढ़ते हिंसक हो गया। विवाद के दौरान व्यक्ति ने महिला के सिर पर हथौड़े से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद उसने खुद पर चाकू से कई वार किए और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे और आरोपी को महिला के चरित्र पर शक था। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग घटना के बाद अफरा-तफरी में नजर आ रहे हैं। पुलिस ने मौके से हथौड़ा और चाकू बरामद कर जांच शुरू कर दी है। घायल महिला का इलाज जारी है।
Tags: