Market. मंडी। मंडी शहर में सडक़ों के किनारे बनी नालियों पर लगी लोहे की जालियों की बदहाल स्थिति अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। शनिवार को श्मशान घाट के समीप एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर जा रहा वाहन नाली की क्षतिग्रस्त और अधूरी जालियों के कारण फंस गया। इसके बाद शव को वाहन से निकालकर श्मशान घाट तक ले जाना पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने वाहन को बाहर निकालने का प्रयास भी किया। स्थानीय निवासी नीरज हांडा ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि मंडी शहर में कई स्थानों पर ड्रेनेज की लोहे की जालियां टूट चुकी हैं या गायब हैं।


इससे वाहन चालकों और आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर नगर निगम और प्रशासन को पहले भी कई बार अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अभी तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। यह मामला केवल सडक़ और जल निकासी व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिक सुरक्षा और अंतिम यात्रा की गरिमा से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने नगर निगम मंडी के महापौर, उपमहापौर, आयुक्त और जिला प्रशासन से मांग की कि श्मशान घाट के समीप क्षतिग्रस्त जालियों की तुरंत मरम्मत करवाई जाए। साथ ही पूरे शहर में टूटी और गायब जालियों का निरीक्षण करवाकर उन्हें दुरुस्त किया जाए। उन्होंने यह भी मांग उठाई कि जहां जालियों की चोरी की आशंका है, वहां जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
Tags: